–न्यूट्रीशन अवेयरनेस कार्यक्रम में दी पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी
अनोखा तीर, हरदा। शासन से प्राप्त निर्देशानुसार एवं कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले में होलिस्टिक वेलबीइंग कार्यक्रम अंतर्गत वरिष्ठजनों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग कमलेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इन गतिविधियों में डांस थेरेपी, मेडिटेशन, योग, खेल प्रतियोगिताएं तथा कला एवं कौशल का आदान-प्रदान जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इसी क्रम में 4 अक्टूबर 2026 को स्थानीय सार्थक सेवा वृद्ध आश्रम में न्यूट्रीशन अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की डाइटिशियन श्रीमती संध्या झिंगारे ने आश्रम के वरिष्ठजनों, रसोइयों एवं समस्त कर्मचारियों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बढ़ती उम्र में शरीर को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखने के लिए संतुलित आहार अत्यंत आवश्यक है। भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों, प्रोटीन, विटामिन, खनिज एवं पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का समावेश होना चाहिए। उन्होंने रसोइयों एवं कर्मचारियों को वरिष्ठजनों की उम्र, स्वास्थ्य एवं खानपान की आवश्यकताओं के अनुरूप पौष्टिक भोजन तैयार करने के व्यावहारिक तरीके भी बताए। कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि डाइटिशियन द्वारा वृद्ध आश्रम में निवासरत वरिष्ठजनों की व्यक्तिगत रुचि एवं खानपान की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उनके लिए विशेष डाइट चार्ट भी तैयार किया गया, जिससे उन्हें नियमित रूप से संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराया जा सके। इस अवसर पर वृद्ध आश्रम संचालक बलराम काले, भागवतसिंह राजपूत, प्रबंधक निधि शर्मा, सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठजनों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनके बेहतर स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली एवं समग्र कल्याण को सुनिश्चित करना रहा।







