– शौचालय निर्माण, आवास पूर्णता, पेयजल संकट की पूर्व तैयारी एवं राजस्व वसूली पर विशेष जोर
अनोखा तीर, हरदा। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सीईओ जिला पंचायत हरदा नरोत्तम भार्गव ने जिला पंचायत सभागृह में जनपद पंचायत हरदा के अधिकारियों एवं मैदानी अमले की समीक्षा बैठक ली। बैठक में पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों, क्लस्टर प्रभारियों एवं उपयंत्रियों को विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए श्री भार्गव ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत अपने क्षेत्र के शौचालय विहीन परिवारों का सर्वे कर पात्र परिवारों का चिन्हांकन एवं पोर्टल पर प्रविष्टि सुनिश्चित करें। शौचालय निर्माण पूर्ण होने पर हितग्राहियों को तत्काल प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाए। सार्वजनिक शौचालयों के नियमित संचालन एवं बेहतर रख-रखाव के लिए भी प्रभावी व्यवस्था विकसित करने को कहा गया। स्वच्छता सेवा आकलन तथा डब्ल्यूओडब्ल्यू एवं आईएचएचएल में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। व्हीबी-जी-राम-जी योजना की समीक्षा के दौरान जॉबकार्डधारी परिवारों को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने, पर्याप्त मानव दिवस सृजित करने तथा स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों के मजरों एवं टोलों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए भी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। आगामी ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए ग्राम पंचायतों को वैकल्पिक जल स्रोतों की मैपिंग करने तथा समय रहते आवश्यक कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। पंचायतों में उपलब्ध पेयजल टैंकरों की मरम्मत कर उन्हें उपयोग योग्य बनाने तथा जल संरक्षण के लिए नदियों एवं नालों में बोरी बंधान निर्माण कराने पर जोर दिया गया। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के लिए सभी कार्यों की समयबद्ध जियो टैगिंग कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण आवासों को हितग्राहियों से सतत संपर्क कर शीघ्र पूर्ण कराने तथा पंचायतों में संपत्ति कर, जलकर एवं स्वच्छता कर की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। पंचायतों के विद्युत देयकों का समय पर भुगतान करने और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को भी कहा गया। गौशालाओं के संचालन की समीक्षा करते हुए आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए गए। किसानों की समस्याओं के समाधान एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए कृषि विभाग द्वारा आयोजित ग्राम चौपालों में पंचायत अमले को सक्रिय सहयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों को पराली एवं नरवाई प्रबंधन के प्रति जागरूक करने तथा नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान की जानकारी व्यापक स्तर पर देने को कहा गया। ग्राम चौपालों में पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं के आवेदन तैयार कराने में भी सहयोग करने के निर्देश दिए गए। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों में पटाखों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जनजागरूकता अभियान चलाने तथा संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण कुमार इवने, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत हरदा सुश्री राजेश्वरी चौहान, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सुश्री निशी वैश सहित जिला एवं जनपद पंचायत के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







