Skip to content
Thursday, 5 November 2026
हरदा

एक दिवसीय कलमधार यूथ समिट का आयोजन

3 min read
02 2
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक चेतना, तार्किक चिंतन एवं पत्रकारिता के प्रति समझ विकसित करने के उद्देश्य से कलमधार  द्वारा 1 नवंबर को हरदा में एक दिवसीय कलमधार यूथ समिट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर प्राप्त किया। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस समिट ने प्रदेश की युवा शक्ति को रचनात्मक एवं बौद्धिक मंच प्रदान करने की दिशा में एक सार्थक पहल की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों के स्वागत एवं उद्घाटन सत्र के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महेश कौशिक, संपादक, वॉइस ऑफ हरदा, श्रीमती रेखा बिश्नोई, गुरु जंभ सेवा समिति हरदा एवं चंद्र प्रकाश भलावी, कार्यालय अधीक्षक, कृषि उपज मंडी हरदा की उपस्थिति रही। इस समिट की स्थापना एवं परिकल्पना कलमधार के संस्थापक दिव्यांश नेमा द्वारा की गई। उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें लोकतांत्रिक संस्थाओं, विधायी प्रक्रियाओं और स्वतंत्र पत्रकारिता का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में तरंगिनी चौहान, आशुतोष भलावी, नंदिनी कनोजिया, जिज्ञासा सोंटक्के एवं उनकी पूरी आयोजन टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं, अकादमिक संचालन, समिति समन्वय, मीडिया प्रबंधन एवं प्रतिभागियों के मार्गदर्शन में टीम के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। समिट को तीन प्रमुख भारतीय समितियों – लोकसभा, विधानसभा एवं इंडियन प्रेस में विभाजित किया गया था। तीनों समितियों ने अपने-अपने निर्धारित विषयों पर गंभीर चर्चा, तर्क-वितर्क एवं विचार-विमर्श के माध्यम से आयोजन को सार्थक बनाया। लोकसभा समिति में प्रधानमंत्री के अधिकतम कार्यकाल की सीमा निर्धारित करने की आवश्यकता, उससे जुड़ी संवैधानिक चुनौतियों एवं भारतीय लोकतंत्र पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों पर विस्तृत चर्चा हुई। वहीं, विधानसभा समिति में मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता के संभावित क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। इसमें संवैधानिक सिद्धांतों, लैंगिक न्याय, धार्मिक स्वतंत्रता एवं सांस्कृतिक विविधता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। इंडियन प्रेस समिति ने आयोजन को एक विशेष आयाम प्रदान किया। इसमें प्रतिभागियों ने पत्रकारों की भूमिका निभाते हुए दोनों सदनों की कार्यवाही पर नजर रखी तथा आयोजित प्रेस कॉन्फें्रस के माध्यम से प्रतिनिधियों से प्रश्न पूछे। इस गतिविधि ने प्रतिभागियों को पत्रकारिता की व्यावहारिक समझ और मीडिया की लोकतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका से परिचित कराया। कलमधार ने हरदा के युवाओं को एक ऐसा मंच प्रदान किया, जहां विचारों का आदान-प्रदान, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ और नेतृत्व क्षमता का विकास एक साथ देखने को मिला। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक दिवसीय आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की युवा पीढ़ी को जागरूक, जिम्मेदार एवं विचारशील नागरिक बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply