– किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों और शासकीय योजनाओं की मिलेगी जानकारी
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर कुमार सत्यम के निर्देशानुसार जिले में किसानों को शासकीय योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से किसान चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 5 नवंबर को हरदा विकासखंड के ग्राम सिरकंबा में हनुमान मंदिर के पास शाम 4 बजे से किसान चौपाल का आयोजन किया जाएगा। उप संचालक कृषि विकास एवं किसान कल्याण प्रकाश ठाकुर ने बताया कि किसान चौपाल में कृषि, पशु चिकित्सा, डेयरी, उद्यानिकी, विद्युत, राजस्व, ग्रामीण विकास, कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि अभियांत्रिकी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। चौपाल में किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग, नरवाई प्रबंधन, उन्नत बीज एवं खाद, उद्यानिकी फसलों के विस्तार, मछली पालन, पशुपालन, केसीसी और फसल ऋण सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बिजली बिल संबंधी समस्याओं, सिंचाई, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा योजनाओं तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में भी बताया जाएगा। इस दौरान किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से अवगत कराने के साथ आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
ग्राम सिरकंबा में आज लगेगी किसान चौपाल







