– सीहोर जिले की ओर नर्मदा के गहरे पानी से निकलकर घाट पर पहुंचा था मगरमच्छ
अनोखा तीर, सिवनी मालवा।नर्मदा नदी के प्रसिद्ध आंवलीघाट तट पर सोमवार सुबह एक मगरमच्छ के निकल आने से हड़कंप मच गया। स्थानीय युवक की सूझबूझ और ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सीहोर जिले की तरफ से यह मगरमच्छ नर्मदा के गहरे पानी से निकलकर तट के पास सूखी जमीन पर आ गया था। सुबह के समय घाट पर पहुंचे एक युवक की नजर जब इस पर पड़ी तो उसने घबराने के बजाय समझदारी दिखाई। युवक ने तुरंत अन्य ग्रामीणों को बुलाया और रस्सियों की सहायता से मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से बांधकर एक जगह रोक लिया, जिससे कोई जन-हानि नहीं हुई। मगरमच्छ निकलने की खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते आंवलीघाट पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बंधे हुए मगरमच्छ को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर वाहन से रवाना हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छ पूरी तरह सुरक्षित है और उसे जल्द ही सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। विभाग ने नर्मदा तट पर आने-जाने वाले लोगों से अपील की है कि नदी किनारे किसी भी वन्यजीव को देखने पर छेड़छाड़ न करें और तुरंत वन विभाग को सूचितकरें।
आंवलीघाट नर्मदा तट पर निकला मगरमच्छ

0 Views




