Skip to content
Friday, 30 October 2026
हरदा

हर्षोल्लास से मनाएंगे मध्य प्रदेश स्थापना दिवस

2 min read
Text Size:

-कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व
अनोखा तीर, हरदा। आगामी 1 नवंबर को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर हरदा जिले में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर कुमार सत्यम ने संस्कृति विभाग मंत्रालय भोपाल के निर्देशों के तहत इस कार्यक्रम को गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कार्यक्रम के सफल संपादन के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हरदा शैलेंद्र कुमार बडोनिया और मुख्य नगरपालिका अधिकारी हरदा रोशन सिंह बाथम को नोडल व सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होगा मुख्य आयोजन
स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय हरदा के परिसर में पूर्वान्ह 11 बजे से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर आमंत्रित नागरिकों के बैठने, शामियाना, कुर्सी, मंच और शुद्ध पेयजल की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जिला प्रशासन और नगर पालिका को दिए गए हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम, कृषि प्रदर्शनी होगी मुख्य आकर्षण
स्थापना दिवस समारोह के दौरान शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में मंच संचालन और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसे महिला बाल विकास अधिकारी और प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय हरदा द्वारा अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके साथ ही कृषि विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर कृषि उत्पादों का प्रदर्शन व उत्कृष्ट कार्यों की एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
सुरक्षा, चिकित्सा और प्रकाश व्यवस्था के कड़े निर्देश
सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस विभाग को सौंपते हुए कार्यक्रम स्थल पर यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग कार्यक्रम स्थल पर संपूर्ण चिकित्सा व्यवस्था और एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करेगा। इसके अतिरिक्त 1 नवंबर की रात्रि को जिले के सभी प्रमुख शासकीय भवनों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) की जाएगी। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागीय प्रमुखों को समय रहते अपनी सभी तैयारियां पूरी करने और सौंपे गए दायित्वों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply