-कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
अनोखा तीर, हरदा। जिला खेल और युवा कल्याण विभाग हरदा द्वारा प्रतिवर्ष युवा कलाकारों को प्रोत्साहित करने हेतु जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाता है। यह युवा उत्सव 4 चरणों जिला स्तर, संभाग स्तर, राज्य स्तर एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होता है, जिसमें समूह लोकगीत, समूह लोकनृत्य, पेंटिंग, कविता लेखन, कहानी लेखन, नुक्कड़ नाटक आदि विधाओं का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष 30वें जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 30 अक्टूबर को किया जाएगा। कलेक्टर कुमार सत्यम की अध्यक्षता में गुरुवार को युवा उत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि 15 से 29 वर्ष के युवा कलाकार युवा उत्सव में भाग लेने के पात्र होंगे। प्रतिभागियों को मेरा युवा भारत (माय भारत) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कराना अनिवार्य होगा, साथ ही विभाग द्वारा जारी पंजीयन फॉर्म के साथ जन्म प्रमाण पत्र, मार्कशीट, आधार कार्ड एवं पासपोर्ट फोटो संलग्न करना होगा। जिला स्तरीय युवा उत्सव 30 अक्टूबर 2026 को प्रात: 10.30 बजे से स्थानीय लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय हरदा में आयोजित होगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी नवंबर माह में नर्मदापुरम में आयोजित संभाग स्तरीय युवा उत्सव में शामिल होंगे। बैठक में युवा उत्सव समिति के सदस्य पीएमश्री कॉलेज प्राचार्य राजेश गौर, जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी, शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय प्राचार्य अभिरुचि सिंह, डिग्री कॉलेज के सेवा योजना कार्यक्रम प्रभारी सत्येंद्र परिहार, शासकीय कन्या शाला प्राचार्य मंजुलता खरे, जिला युवा अधिकारी श्रद्धा मित्तल, खेल विभाग से लेखापाल राजेंद्र वर्मा, ब्लॉक समन्वयक सलमा खान, हीना अली, संदीप जाट, राजेश जालाबड़ा व संदीप सौदे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






