-हरदा जिले में 1.04 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में नहरों और तालाबों से होती है सिंचाई
अनोखा तीर, हरदा। रबी सीजन में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और जल वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल संसाधन विभाग ने तवा नहरों के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इनके माध्यम से नहरों में पानी के बहाव और वितरण पर नजर रखी जाएगी, जिससे नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने में मदद मिलेगी। जल संसाधन विभाग की कार्यपालन यंत्री सोनम बाजपेयी ने बताया कि हरदा जिले में तवा नहरों के माध्यम से 1,02,068 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है। इसके अलावा आमाखाल, जामुनिया और इमलीढाना तालाबों से 2,775 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलती है। इस तरह जिले में कुल 1,04,843 हेक्टेयर क्षेत्र में नहरों और तालाबों के माध्यम से सिंचाई की व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि एचबीसी में अजनई, खोदियाखेड़ी, गुरदिया और झाड़पा वितरिका पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं, एलबीसी में रेवापुर वितरिका, सामरधा वितरिका, सोनतलाई नहर के एस्केप और माचक वितरिका पर भी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए नहरों में पानी के प्रवाह और वितरण की स्थिति पर नजर रखना आसान होगा। इससे जल प्रबंधन में सुधार के साथ पानी के वितरण को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। विभाग का उद्देश्य रबी सीजन में सिंचाई व्यवस्था को प्रभावी बनाकर किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराना और नहरों के अंतिम छोर पर स्थित खेतों तक भी पर्याप्त पानी पहुंचाने के प्रयासों को मजबूत करना है।






