Skip to content
Friday, 30 October 2026
हरदा

कांग्रेस के पास न मुद्दा, न विजन

2 min read
29 4
Text Size:

-सिर्फ अराजकता फैलाना ही मुख्य एजेंडा : कमल पटेल
-जिला अध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा ने लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान पर प्रस्तावना रखी

अनोखा तीर, हरदा। शहर की नई सब्जी मंडी स्थित भाजपा जिला कार्यालय कमल कुंज में गुरुवार को लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ विषय पर पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। पत्रकारवार्ता को मुख्य रूप से प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल ने संबोधित किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा भी मौजूद रहे। पत्रकारवार्ता में पूर्व कैबिनेट मंत्री पटेल कांग्रेस सहित विपक्ष पर जमकर गरजे। उन्होंने कहा कि आपातकाल में लोकतंत्र की हत्या करने वाली कांग्रेस आज भी उसी राह पर है। एसआईआर के नाम पर जनता में कांग्रेस भ्रम फैला रही है, जबकि कांग्रेस सरकार में भी लगभग दस बार एसआईआर हो चुकी है। कांग्रेस के पास न कोई मुद्दा है और न कोई विजन, इसलिए इस प्रकार की अराजकता फैलाना ही कांग्रेस का मुख्य एजेंडा बचा है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी देश की जनता में झूठ और अराजकता फैलाकर देश को अस्थिर करना चाहते हैं, जिसका भाजपा मुंहतोड़ जवाब देगी। पूर्व कैबिनेट मंत्री पटेल ने कहा कि आपातकाल में लोकतांत्रिक अधिकार कुचले गए, प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया और विपक्षी नेताओं को जेलों में डाल दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि आज लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कांग्रेस अपने इस काले अध्याय पर जवाब क्यों नहीं देती। अपनी सत्ता बचाने के लिए देश को लोकतंत्र की चोरी का दंश देने वाली कांग्रेस ने आज तक इसके लिए माफी क्यों नहीं मांगी।  पटेल ने बताया कि आगामी 2 नवंबर को हरदा में दोपहर 2 बजे से लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा निकलेगी, जिसमें जिलेभर से हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। इस पदयात्रा के लिए जिले के उद्योगपति, व्यापारी, किसान, मजदूर, महिला, युवा, वकील, सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, चिकित्सक सहित हर वर्ग को आमंत्रित किया जा रहा है। सभी मिलकर कांग्रेस सहित विपक्षी दल के भ्रम को पदयात्रा के माध्यम से करारा जवाब देंगे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply