Skip to content
Friday, 9 October 2026
होशंगाबाद / नर्मदापुरम

अलमारी से चोरी का खुलासा, 85 हजार के जेवर बरामद, आरोपी गिरफ्तार

2 min read
Text Size:

-सराफा बाजार में जेवर गिरवी रखने पहुंचा था आरोपी, पुलिस ने पूछताछ के बाद पकड़ा

अनोखा तीर, नर्मदापुरम। देहात थाना पुलिस ने गोदरेज अलमारी में रखे सोने के आभूषण और नकदी चोरी के मामले का 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 85 हजार रुपए कीमत के चोरी किए गए जेवर बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार ग्राम पर्रादेह निवासी संतोष वर्मा ने 19 अगस्त को देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि घर की गोदरेज अलमारी में रखे सोने के दो जोड़ी कान के फूल, एक मंगलसूत्र, एक पांव की पायल और 1500 रुपए नकद अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को घटना में घर के ही किसी व्यक्ति की भूमिका की आशंका हुई। शिकायतकर्ता के पुत्र सोनू वर्मा से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सोनू ने घर से माता-पिता के जेवर और नकदी चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद वह नर्मदापुरम के सराफा बाजार में जेवर गिरवी रखने पहुंचा था। पुलिस ने सराफा व्यापारी से जानकारी और दस्तावेजों की जांच की, जिसके बाद चोरी किए गए जेवरों की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी सोनू वर्मा को गिरफ्तार कर जेवर बरामद कर लिए। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में थाना प्रभारी उषा मरावी, उपनिरीक्षक सुखवंदन नैर, उपनिरीक्षक प्रवीण शर्मा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply