– थाने पहुंचकर रितेश जैन ने दर्ज कराई शिकायत
अनोखा तीर, सिवनी मालवा। स्थानीय नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन, रिंकू के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगातार झूठी और भ्रामक पोस्टें डालकर छवि धूमिल करने का मामला सामने आया है। इसको लेकर अध्यक्ष रितेश जैन ने सिवनी मालवा थाने पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। नपाध्यक्ष रितेश जैन रिंकू ने बताया कि फेसबुक, व्हाट्सएप, मोबाइल कॉल एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से उनके खिलाफ तथ्यहीन और भ्रामक पोस्ट प्रसारित की जा रही हैं। रितेश जैन रिंकू से बदलकर रिंकू डकैत लिखा गया है। थाने में शिकायत के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। अध्यक्ष के अनुसार पुलिस ने प्रकरण की जांच क्राइम ब्रांच एवं साइबर सेल को सौंप दी है। पुलिस अधीक्षक ने भी दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस संबंध में रितेश जैन ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर कहा कि कुछ असामाजिक तत्व फर्जी आईडी और मोबाइल नंबरों का दुरुपयोग कर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। यह न केवल अनैतिक है बल्कि भारतीय कानून के अंतर्गत दंडनीय अपराध भी है। उन्होंने कहा, सोशल मीडिया समाज को जोड़ने और सकारात्मक संवाद का प्रभावी माध्यम है। इसका उपयोग सदैव सत्य, सद्भाव और जनहित के लिए होना चाहिए। व्यक्तिगत द्वेष और वैमनस्य के कारण किसी सभ्य व्यक्ति की छवि धूमिल करने का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। जैन ने फेसबुक पोस्ट पर आगे लिखा कि मेरा जीवन सदैव अहिंसा परमो धर्म के सिद्धांत, राष्ट्रसेवा, जनकल्याण तथा प्रत्येक जीव के प्रति दया और करुणा की भावना को समर्पित रहा है और जीवन की अंतिम सांस तक यही मेरा संकल्प रहेगा। जो लोग झूठ और भ्रम के माध्यम से मेरी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, उनसे केवल इतना कहना चाहता हूं कि कानून अपना कार्य पूरी निष्पक्षता और दृढ़ता से करेगा। नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन रिंकू ने शुक्रवार को थाने में जानकारी दी।
इनका कहना है
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फर्जी पोस्ट करने वालों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
– सुधाकर बारस्कर, थाना प्रभारी सिवनी मालवा





