-44 लाख की चांदी के आभूषणों के साथ दो युवक पकड़े
अनोखा तीर, इटारसी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत इटारसी आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 44 लाख रुपये मूल्य के 18.894 किलोग्राम चांदी के आभूषण के साथ दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा है। दोनों आरोपित आभूषणों से संबंधित कोई वैध बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी इटारसी के सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा एवं आरक्षक जसवंत सिंह गश्त के दौरान ट्रेन संख्या 22177 मुंबई-बनारस महानगरी एक्सप्रेस के सामान्य कोच में जांच कर रहे थे। इसी दौरान भारी बैग लिए दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिले। तलाशी लेने पर उनके बैगों से बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान लकी रजवानी एवं राकेश जाट, निवासी भोपाल के रूप में बताई। उन्होंने बताया कि वे भोपाल के बसंत सोनी के यहां कार्यरत हैं और चांदी के आभूषण पिपरिया सप्लाई करने जा रहे थे, लेकिन कोई वैध बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए दोनों व्यक्तियों एवं बरामद चांदी के आभूषणों को जीआरपी इटारसी के हवाले कर दिया गया है। जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरपीएफ ने बताया कि ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे परिसर और ट्रेनों में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
ऑपरेशन ‘सतर्क में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई

0 Views




