-कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
अनोखा तीर, हरदा। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को एससी-एसटी संगठनों से जुड़े विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने वीर तेजाजी चौक से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना था कि नीट परीक्षा में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप था कि कई स्थानों पर परीक्षाएं रद्द होने से विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत और अभिभावकों का आर्थिक खर्च प्रभावित हुआ है। बार-बार परीक्षाएं रद्द होने से छात्रों में निराशा का माहौल है। छात्रा तनिजा चौहान ने दिल्ली में छात्राओं पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की निंदा की। वहीं एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ पटेल ने आरोप लगाया कि छात्रों के भविष्य की सुरक्षा को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन की अनदेखी की गई। उन्होंने इस मामले में केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कार्रवाई की मांग की। नीट की तैयारी कर रही छात्रा साक्षी ऊईक ने बताया कि पहले जिस परीक्षा में उनका चयन हुआ था, वह रद्द हो गई। दोबारा परीक्षा देने पर उनके अंक कम आए। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और इस पर प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। छात्रा सीरम खान ने कहा कि अभिभावक कर्ज लेकर बच्चों की पढ़ाई कराते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ जाता है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।





