अनोखा तीर, हरदा। आम किसान यूनियन की कोर कमेटी ने मंगलवार को कलेक्टर से मुलाकात कर हाल ही में हुए किसान आंदोलन के दौरान स्वीकृत मांगों एवं उनके निराकरण पर चर्चा की। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि 29 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा गठित मंत्रियों एवं अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल और संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता में जिन मांगों पर सहमति बनी थी, उन्हें जमीनी स्तर पर यथावत लागू किया जाना चाहिए। यूनियन ने मांग की कि मूंग उपार्जन में 25 प्रतिशत के स्थान पर 60 प्रतिशत (हरदा जिले में 3 क्विंटल प्रति एकड़) के मान से ही स्लॉट बुकिंग एवं बिल बनाए जाएं, न कि 2.88 क्विंटल प्रति एकड़ के आधार पर। साथ ही ई-टोकन प्रणाली स्थगित होने के कारण सहकारी समितियों के माध्यम से शीघ्र खाद वितरण शुरू किया जाए। ज्ञापन में बिल बनाते समय अंगूठा लगाने की अनिवार्यता समाप्त कर ओटीपी अथवा नॉमिनी जैसे वैकल्पिक प्रावधान लागू करने, किसान आंदोलनों के दौरान दर्ज सभी प्रकरण वापस लेने, सभी उपार्जन केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक एवं प्लेट कांटों का नाप-तौल विभाग से किसानों की उपस्थिति में कैलिब्रेशन कर पंचनामा बनाने तथा जिन किसानों ने पहले ही विक्रय या स्लॉट बुकिंग कर ली है, उन्हें अपने किसान आईडी से पुन: स्लॉट बुकिंग का अवसर देने की मांग भी की गई। यूनियन के अनुसार कलेक्टर ने सभी बिंदुओं पर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
किसानों की समस्याओं को लेकर आम किसान यूनियन ने कलेक्टर से की मुलाकात

0 Views


