जिले में आफत की बारिश, मांधाता के 10 गांव प्रभावित 

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, खंडवा। जिले के पुनासा क्षेत्र में बीती रात हुई मूसलधार बारिश के बाद नदियां उफान पर हैं। कई गांवों में तबाही का मंजर सामने आया है। कई गांव के लोगों ने घरों की छत पर रात बिताई है। घरों में पानी भरने से गृहस्थी की सामग्री खराब हो गई है। घरों में रखा अनाज भी बर्बाद हो गया। वाहन, मवेशी भी बह गए। रोते हुए लोगों ने अपनी दास्तां सुनाई। प्रशासन ने कहा है कि सर्वे किया जा रहा है। नियम अनुसार राहत दी जाएगी। देर रात को खंडवा जिले में तेज बारिश हुई। यहां मान्धाता विधानसभा क्षेत्र की अजनाल नदी उफान पर आ गई। करीब दस गांव में पानी घुस गया। अटूट टांडा, अटूट खास, रिछफल, नवलगांव सहित अन्य गांवों भारी नुकसानी हुई है। इन गांवों के लोगों का कहना है कि आधी रात में सैलाब आया। हम संभल पाते उसके पहले ही बड़ा नुकसान कर गया। नदी का पानी उतरा और सुबह हुई तब इन गांवों में हुई तबाही का मंजर सामने आया है।

सुनाई बर्बादी की दास्तां

लोगों की गृहस्थी पूरी तरह से बर्बाद हो गई। लोगों ने रात के तबाही के मंजर की दास्तां रोते हुए सुनाई, आंखों में आंसू लिए लोगों ने मदद की प्रशासन से गुहार लगाई है। लोगों का कहना है कि घर की छत पर जाकर जैसे तैसे रात बिताई है। कई मवेशी इसकी चपेट में आए हैं। ग्रामीणों के वाहन भी बह गए। गांव वालों ने बताया कि फसलों पर भी बड़ा असर पड़ा है खेतों में पानी भर गया है।

आफत की बारिश

खंडवा जिले में अभी तक कम बारिश हुई है, यहां के लोग अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे। जब बारिश आई तो इस तरह बर्बादी का मंजर भी साथ ले आई। इससे अब प्रभावित लोग राहत दिए जाने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन जल्द सर्वे करवाकर नियम अनुसार राहत देने की बात कह रहा है। अब देखना होगा प्रभावितों को किस तरह की राहत दी जाती है।

आधा मीटर खुलेंगे ओंकारेश्वर डेम के गेट

पुनासा एसडीएम चंदरसिंह सोलंकी का कहना है कि, राहत एवं बचाव कार्यों को देखते हुए पूरा राजस्व एवं पुलिस अमला गांवों का दौरा कर रहा है। अजनाल नदी किनारे के गांव व बस्तियों में नुकसान हुआ है। वे खुद अटूटखास गांव में हैं। इधर, ओंकारेश्वर डैम के गेट आधा-आधा मीटर तक खोल दिए जाएंगे। फिलहाल पानी का स्तर कम हो रहा है। सुबह 11 बजे तक गेट खुलना संभावित है। जिससे कि अजनाल में बाढ़ के प्रभाव को कम किया जा सके। गेट खुलने के साथ ही लगातार आठ टरबाइन चलाकर बिजली भी बनाई जा रही है। बताते हैं कि तवा बांध के गेट दो दिन पहले ही खोल दिए गए थे।

नुकसानी का आंकलन हो रहा

भारी बारिश से हुए नुकसान का निरीक्षण करने के लिए जनप्रतिनिधि जमीन पर उतरे तो वहीं अफसर भी जायजा ले रहे हैं। लोगों से चर्चा कर नुकसान की जानकारी ली जा रही है। जिला प्रशासन के जिम्मेदारों का कहना है कि नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिया जाएगा। तात्कालिक सहायता भी मुहैया कराई जा रही है।

– चंदर सिंह सोलंकी, एसडीएम।

Views Today: 2

Total Views: 236

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!