अनोखा तीर, खंडवा। जावर थाना क्षेत्र के ग्राम बेनपुरा डोंगरी में शनिवार को छोटी तवा नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाते समय 14 वर्षीय भांजा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भांजे को डूबता देख उसके मामा भैयालाल (45) ने बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने भांजे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन उसे बचाने के बाद खुद गहरे पानी में फंस गए और नदी में डूब गए। रेस्क्यू टीम ने तलाश के बाद भैयालाल का शव बरामद कर लिया।
पशु चराने के लिए नदी किनारे गए थे मामा-भांजा
जानकारी के अनुसार, ग्राम बेनपुरा डोंगरी निवासी भैयालाल पिता मालाजी भील (45) शनिवार को गांव की छोटी तवा नदी के किनारे गाय-भैंस चराने के लिए गए थे। उनके साथ उनका 14 वर्षीय भांजा भी था। भैंस और गाय नदी किनारे चर रही थीं, जबकि भांजा नदी में नहाने के लिए पानी में उतर गया। इसी दौरान वह नहाते-नहाते अचानक नदी के गहरे हिस्से में चला गया। गहराई अधिक होने के कारण वह पानी में डूबने लगा और मदद के लिए हाथ-पैर मारने लगा।
भांजे को डूबता देख मामा ने लगा दी छलांग
भांजे को नदी में डूबता देख भैयालाल ने एक पल भी नहीं सोचा। उन्होंने तुरंत नदी में छलांग लगा दी और भांजे को बचाने के लिए उसकी तरफ तैरकर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने भांजे को पानी से बाहर निकाल लिया। मामा के प्रयास से 14 वर्षीय भांजे की जान बच गई, लेकिन इसके बाद भैयालाल खुद नदी के गहरे पानी में फंस गए। वह पानी से बाहर निकल पाते, इससे पहले ही नदी में डूब गए और लापता हो गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने भैयालाल की तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर जावर थाना पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। नदी में सर्चिंग अभियान चलाया गया। लगातार तलाश के बाद दूसरे दिन रविवार को रेस्क्यू टीम ने भैयालाल का शव नदी से बरामद कर लिया। शव मिलने की सूचना परिजनों को दी गई। इसके बाद परिवार में मातम पसर गया। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है। ग्रामीण भैयालाल की बहादुरी और साहस की चर्चा कर रहे हैं। उनका कहना है कि भांजे की जान बचाने के लिए भैयालाल ने अपनी जिंदगी दांव पर लगा दी और आखिरकार खुद नदी में डूब गए।
भांजे को बचाने में मामा की गई जान, छोटी तवा नदी में दर्दनाक हादसा

0 Views




