61 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

-अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

अनोखा तीर, खंडवा। वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खंडवा पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से चोरी की गई 61 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर महेंद्र तारणकर एवं नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली प्रवीण आर्य के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन चोरी की घटनाओं का विश्लेषण किया। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान विशाल पिता राजेंद्र राठौर निवासी अमनखेड़ी रोड, भीकनगांव, जिला खरगोन तथा बबलू पिता सरदारिया बारेला निवासी ग्राम धनोरी, थाना सेंधवा, जिला बड़वानी के रूप में हुई। पूछताछ एवं आरोपियों की निशानदेही पर 61 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद वाहनों में खंडवा जिले की 7 मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इसके अलावा खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, रतलाम, देवास सहित महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से चोरी किए गए वाहन भी बरामद हुए हैं।
जंगल और सुनसान स्थानों पर छिपाते थे वाहन
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिलों को तत्काल बेचने के बजाय जंगल एवं अन्य सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था। पर्याप्त संख्या में वाहन एकत्रित होने के बाद खरीदार तलाशे जाते थे और उनकी मांग के अनुसार मोटरसाइकिलों को स्क्रैप, पार्ट्स अथवा पूरी बाइक के रूप में बेच दिया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी कई वर्षों से वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय थे और उनका नेटवर्क खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, बड़वानी, हरदा एवं रतलाम सहित महाराष्ट्र के सीमावर्ती जिलों तक फैला हुआ था।
विशाल पर 11, बबलू पर दो अपराध दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी विशाल शातिर वाहन चोर है और वह करीब तीन मिनट में दोपहिया वाहन का लॉक तोड़कर चोरी कर सकता है। उसके विरुद्ध मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में 11 अपराध दर्ज हैं, जबकि उसके साथी बबलू के विरुद्ध दो अपराध दर्ज होना पाया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस रिमांड लेकर उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस को अन्य वाहन चोरी की वारदातों और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे की संभावना है। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण आर्य सहित कोतवाली पुलिस के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

9 Views

Leave a Reply