मुख्यमंत्री यादव पहुंचे हरसूद, 142.88 करोड़ के 18 विकास कार्यों की सौगात

-25 करोड़ के ऑडिटोरियम का भूमिपूजन
-रानी दुर्गावती जन्मोत्सव में 52 गढ़ के गोंड राजघरानों के वंशजों का सम्मान

अनोखा तीर, हरसूद/खंडवा। मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह के अनुरोध पर रानी दुर्गावती की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार दोपहर नया हरसूद-छनेरा पहुंचे। आदिवासी परंपरा के अनुरूप मंत्री कुंवर विजय शाह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। क्षेत्र की जनता ने भी पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरसूद (छनेरा) में रानी दुर्गावती जन्मोत्सव और सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए करीब 142.88 करोड़ रुपए की लागत के 18 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें 25 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला आधुनिक ऑडिटोरियम प्रमुख है। इसके बनने से हरसूद में सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी।
52 गढ़ के राजघरानों के वंशजों का सम्मान
रानी दुर्गावती के जन्मोत्सव के अवसर पर कार्यक्रम में 52 गढ़ के गोंड राजघरानों के वंशजों को आमंत्रित कर मुख्यमंत्री ने मंच से सम्मानित किया। आयोजन में जनजातीय इतिहास, संस्कृति और क्षेत्र के गौरव को प्रमुखता दी गई।
2 किमी रोड शो में हुआ स्वागत
समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि हरसूद पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने स्वागत किया। संत बुखारदास बाबा आश्रम से मुख्य कार्यक्रम स्थल तक करीब 2 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला गया। मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ
सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस और वन सुरक्षा समितियों को काष्ठ लाभांश राशि का अंतरण किया गया। इसके अलावा पात्र विद्यार्थियों और युवाओं को स्कूटी सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिया गया।
केंद्रीय और राज्य मंत्री सहित जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री दुर्गादास उईके, क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, विधायक कंचन मुकेश तनवे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, पंधाना विधायक छाया मोरै, महापौर अमृता अमर यादव, पूर्व विधायक भावना शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेडे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दिव्यदित्य शाह, संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, जिला प्रभारी अंबाराम कराडा, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, संतोष सोनी, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित अन्य अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के दौरे को हरसूद क्षेत्र में विकास कार्यों और जनजातीय संस्कृति के सम्मान की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना गया।

0 Views

Leave a Reply