त्यौहार पर फुटपाथ के दुकानदारों को नहीं हटाने के निर्देश

अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने देश की सभी राज्य सरकारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि त्योहार को दृष्टिगत रखते हुए फुटपाथ के दुकानदारों को नहीं हटाया जाए। एनएचआरसी ने स्पष्ट किया है कि नवरात्रि, दीपावली तथा छठ पूजा को लेकर देश के विभिन्न शहरों में फुटपाथों पर बैठकर दिए, फूल मालाएं तथा अन्य सामग्रियां बेचने वाले लोकल वंडर्स, हाकर तथा कुम्हारों को परेशान नहीं किया जाए। अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अगर सुरक्षा कारणों से जगह खाली करना आवश्यक हो तो उन्हें वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए। इसी तरह इन छोटे व्यापारियों की सामग्रियों की जपती या उनसे वसूली जैसे कार्य कर उन्हें परेशान नहीं किया जाए। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने सभी प्रदेश के मुख्य सचिवों से 18 अक्टूबर तक इस संबंध में अपनी रिपोर्ट भी तलब की है। उल्लेखनीय है कि त्योहार सीजन पर अक्सर फुटपाथों पर अपनी छोटी-छोटी दुकान लगाकर सामग्री बेचने वाले छोटे दुकानदारों को स्थानीय प्रशासन तथा नगरी निकाय के कर्मचारियों द्वारा हटाया जाता है। उनकी सामग्रियां जप्त कर ली जाती है अथवा उनसे अवैध वसूली की जाती है। इसी बात को दृष्टिगत रखते हुए इस बार मानव अधिकार आयोग द्वारा समय से पहले ही यह सख्त कदम उठाते हुए निर्देश जारी किए गए। निश्चित ही यह निर्देश इन छोटे व्यापारियों के लिए हितकर साबित होंगे।

0 Views

Leave a Reply