Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

टिमरनी में महिला के अंधे कत्ल का 7 दिन में खुलासा, पड़ोसी ही निकला हत्यारा

3 min read
Text Size:

-पुराने प्रेम प्रसंग और शादी कर टिमरनी छोड़ने की बात से नाराज था आरोपी
-गला घोंटकर की थी हत्या, सोने के मोती और टूटे टॉप्स बरामद

अनोखा तीर, टिमरनी। थाना टिमरनी पुलिस ने वार्ड 7 में हुई 57 वर्षीय महिला पुष्पा बाई की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का महज सात दिन में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार महिला की हत्या करने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि पड़ोस में रहने वाला मधुसूदन गौर (60) निकला। आरोपी से मृतिका के लूटे गए सोने के मोती और टूटे हुए टॉप्स बरामद किए गए हैं। मामले के अनुसार 24 अगस्त 26 की सुबह वार्ड 13 निवासी अनुराग गौर को सूचना मिली कि उनकी बड़ी बहन पुष्पा बाई, जो वार्ड 7 में ठाकुर बाबा के पास स्थित अपने पुराने मकान में अकेली रहती थीं, घर में मृत अवस्था में पड़ी हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा खुला हुआ था और पुष्पा बाई कमरे में पलंग पर मृत पड़ी थीं। उनके गले में हरे रंग का बिजली का तार कसा हुआ था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पुष्पा बाई के गले में पहनी सोने के मोतियों की माला और कान के कुंडल गायब थे। वहीं सोने का एक मोती पलंग के नीचे पड़ा मिला। मृतिका के दोनों मोबाइल भी कमरे में ही मिले। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या और लूट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
50 से अधिक सीसीटी कैमरों की खंगाली
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हरदा शशांक के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा एवं एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलया के निर्देशन में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की और करीब 100 घंटे की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। लगातार जांच और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के बाद पुलिस को मधुसूदन गौर, निवासी वार्ड 7, पर संदेह गहराया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पुष्पा बाई से अपने पुराने प्रेम संबंध होने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, मृतिका द्वारा कहीं और शादी कर टिमरनी छोड़कर चले जाने की बात को लेकर आरोपी नाराज था और इसी कारण उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
हत्या के बाद जेवर लेकर फरार हुआ आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला की गला घोंटकर हत्या की और उसके पहने हुए सोने के आभूषण लेकर चला गया। मामले को लूट का रूप देने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मृतिका के सोने के मोती और टॉप्स बरामद किए हैं। घटना के बाद टिमरनी क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस द्वारा घटना के महज सात दिन के भीतर अंधे कत्ल का खुलासा किए जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना हो रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में एसडीओपी आकांक्षा तलया, विवेचक निरीक्षक मुकेश गौड़, उप निरीक्षक मनोज दुबे, संतोष श्रीवास्तव, प्रियंका पाठक, सहायक उप निरीक्षक दिनेश, प्रधान आरक्षक तुषार धनगर, अनुप, विजय, राहुल, बुदेश, आरक्षक सजन ठाकुर, शैलेन्द्र परमार, अभिलेष, पिंटू, सुनील, प्रतीक, शैलेन्द्र राजपूत, अर्जुन, महेन्द्र रघुवंशी, बाबूराव, सूरज तथा साइबर टीम से मनोज की सक्रिय भूमिका रही।

6 Views
What do you think?

Leave a Reply