Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

पुलिस ने 72 घंटे में सुलझाया अंधे कत्ल का मामला

2 min read
Text Size:

-तीन आरोपी गिरफ्तार

अनोखा तीर, कांटाफोड़। स्थानीय पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी को महज 72 घंटे में सुलझा दी है। पुलिस ने हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार 27 अगस्त को इकलेरा निवासी कमल पिता बाबूलाल चौहान 50 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की सूचना मिली थी। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफएसएल टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया और भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए। मर्ग जांच के दौरान परिस्थितिजन्य साक्ष्य, तकनीकी साक्ष्य तथा परिजनों एवं अन्य साक्षियों के कथनों के आधार पर मामला हत्या का पाए जाने पर थाना कांटाफोड़ में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रं 314/2026, धारा 103(1), 238(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
अवैध संबंध की शंका में हत्या का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी किशन को अपनी भाभी और मृतक कमल के बीच कथित अवैध संबंध होने की शंका थी। इसी शंका के चलते किशन ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत के निर्देश पर एएसपी सौम्या जैन, एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस एवं थाना प्रभारी कांटाफोड़ निरीक्षक कैलाशचंद्र चौहान के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने लगातार तलाश करते हुए सुरमान्या के घने जंगलों से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होने की बात स्वीकार करने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने किशन पिता हजारीलाल उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम इकलेरा थाना कांटाफोड़, बुदन पिता भागीरथ डावर उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम सुतारीपुरा थाना उदयनगर, पेलात उर्फ प्रहलाद पिता भागीरथ डावर उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम सुतारीपुरा थाना उदयनगर को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले का एक आरोपी राद्या उर्फ राधेश्याम निवासी सुतारीपुरा, थाना उदयनगर फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कैलाशचंद्र चौहान के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजेश बारेला, विनयसिंह बघेल, बीएस भीलाला सहित कांटाफोड़ थाना पुलिस, साइबर सेल देवास, कन्नौद एवं अन्य पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।

2 Views
What do you think?

Leave a Reply