-कमल पटेल ने किया भूमिपूजन
अनोखा तीर, खिरकिया। ग्राम, गरीब और किसान का कल्याण भाजपा सरकार की पहली प्राथमिकता है। यह बात प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कमल पटेल ने सोमवार को ग्राम खमलाय में आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने गांव में 37 लाख 50 हजार रुपए की लागत से बनने वाले नवीन ग्राम पंचायत भवन का भूमिपूजन किया। पुराने माध्यमिक शाला भवन के पास आयोजित कार्यक्रम में कमल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश और प्रदेश में ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। पंचायत भवन गांव के विकास का प्रमुख केंद्र होता है, जहां ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान, विकास कार्यों की रूपरेखा और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े कार्य किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि खिरकिया क्षेत्र में सड़कों का विस्तार, हर घर नल से जल, स्कूल भवनों का उन्नयन और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कार्यक्रम में जनपद पंचायत खिरकिया के उपाध्यक्ष मोहन सोलंकी, सरपंच ममता बाई भंवर, उपसरपंच अल्पना पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण बोस, उपसरपंच प्रतिनिधि सुभाष मास्टर, सुभाष पुनिया, सुखराम उमरिया, तेजराम पटेल बड़नगर, राधेश्याम गोदारा, पृथ्वी विश्नोई, शिवकुमार बघेल और हरनाम सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







