Skip to content
Tuesday, 27 October 2026
हरदा

सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत 280 विद्यार्थियों ने लिया भाग

2 min read
19 4
Text Size:

-आयकर विभाग ने पांच स्कूलों के सहयोग से निबंध, पेंटिंग और नारा लेखन प्रतियोगिताएं कराईं

अनोखा तीर, हरदा। सतर्कता जागरूकता अभियान 2026 के अंतर्गत सोमवार को आयकर कार्यालय हरदा द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष अभियान की थीम सत्यनिष्ठा से समृद्धि रखी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यप्रणाली में ईमानदारी और पारदर्शिता को मजबूत करना तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
प्रधान आयकर आयुक्त-1 भोपाल सृजनी मोहन्ती के नेतृत्व और संयुक्त आयकर आयुक्त परिक्षेत्र-1 सौरभ कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सुबह 11 बजे आयकर कार्यालय हरदा के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा ली। इस दौरान ईमानदारी, नैतिक आचरण और पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
जन-जागरूकता गतिविधियों के तहत सनफ्लावर स्कूल हरदा, द फाउंडेशन ऑफ एजुकेशन स्कूल हरदा, मदर्स लैप स्कूल हरदा, संस्कार पब्लिक स्कूल हरदा और नॉलेज पब्लिक स्कूल टिमरनी के सहयोग से सनफ्लावर स्कूल में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें कक्षा छठवीं से आठवीं तक के लगभग 280 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, पेंटिंग और नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आयकर विभाग की ओर से सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में सहयोग देने वाले स्कूलों के शिक्षकों को भी स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयकर विभाग की ओर से बताया गया कि तीनों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 3 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे आयकर भवन हरदा में आयोजित कार्यक्रम में प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न और उपहार देकर पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यशैली के महत्व से अवगत कराया गया। विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज के बीच ईमानदारी एवं पारदर्शिता का संदेश पहुंचाना तथा बेहतर भविष्य के निर्माण में सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के अंत में आयकर अधिकारी-1 हरदा ललन कुमार ने आयोजन में सहयोग देने वाले स्कूलों, शिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply