शहर में गुरु पूर्णिमा का छाया उल्लास, दूर-दूर से भक्त पहुंचे दादा दरबार    

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, खंडवा। श्री धूनीवाले दादाजी दरबार में गुरु पूर्णिमा उत्सव का उल्लास छाया हुआ है। श्री केशवानंद महाराज बड़े दादा जी की समाधि पर दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। रविवार को श्रीदादाजी दरबार में सुबह से समाधि सेवा और अभिषेक के साथ पर्व की शुरुआत हुई। दरबार में समाधि पर निशान चढ़ाने के लिए दूर दूर से पदयात्रा कर दादाजी नाम जपते हुए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सुबह से लेकर देर रात तक लाखों श्रद्धालुओं ने समाधि दर्शन किए। अखंड धूनी का तापमान बढ़ने पर दोपहर को ही नारियलों की आहुति बंद करनी पड़ी। भक्तों द्वारा लाए गए नारियल सेवादारों द्वारा अलग से एकत्रित कराए गए। ढोल-नगाड़ों की थाप पर महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, राजस्थान सहित देश के विभिन्न हिस्सों से दादाजी के निशान लेकर पहुंचे भक्तों ने दादाजी धाम में दर्शन कर निशान चढ़ाए। अवधूत संत दादाजी धूनीवाले के दरबार में आगवानी के लिए शहरवासी मेजबान बन डटे रहे।

महाआरती में उमड़ा भक्तों का सैलाब

शहर की सड़के भजलो दादाजी का नाम, भजलो हरिहर जी का नाम की गूंज से गुंजायमान हुई भक्ति में दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्घालुओं का जत्था हाथों में निशान लिए खंडवा पहुंचा। इन जत्थों का जगह-जगह स्वागत किया गया। गुरु पूर्णिमा के दिन देश का पांचवा धाम कहलाने वाले दादाजी धाम मंदिर में सुबह 4 से 5 बजे तक गंगाजी एवं नर्मदाजी के जल से दादाजी की समाधि का स्नान किया गया। इसके पश्चात सुबह 5 से 5.30 बजे तक मंगल आरती 7.30 से 9.15 बजे तक बड़ी आरती, सुबह 9.30 से 10 बजे तक समाधि सेवा भक्तों द्वारा की गई। पर्व के दौरान विशेष रूप से दोपहर 4 से 5 बजे तक बड़े एवं छोटे दादाजी की समाधि का गंगाजी एवं नर्मदाजी के जल से स्नान किया गया। साथ ही दोपहर 3.30 बजे से 5 बजे तक समाधियों को अभिषेक किया गया। इसके पश्चात रात में 7.30 से 9.15 तक 108 दीपों से महाआरती की गई।

भंडारों में श्रद्धालुओं ने पाई प्रसादी  

आस्थावान बाहर के लोग ही नहीं खंडवा और आसपास के सैकड़ों गांव शहरों के लोगों के लिए पग-पग पर भंडारे निरंतर जारी है। इन भंडारों में एक जैसी वस्तुएं नहीं बनती। हर 10 कदम पर भंडारे में नए अगल-अलग पकवान परोसे जा रहे हैं। गांधी भवन कार्नर पर जेपीबी क्लब द्वारा सुबह से रात 12 बजे तक श्रद्धालुओं को दिल्ली की चाट, डोसा, मालपुआ, रबड़ी, पुलाव, जलेबी, मैंगो शेक, फालूदा, आइसक्रीम, इडली सांभर और घेवर रबड़ी प्रसादी का वितरण किया गया। शनिमंदिर क्षेत्र में दादाजी भक्त समिति द्वारा श्रद्धालुओं को 4 जुलाई तक कद्दू-चवले की सब्जी, पूड़ी, देशी घी की बूंदी, पुलाव और चवला दाल की प्रसादी का वितरण किया जाएगा।

भवानीमाता मंदिर क्षेत्र में कमल यूथ क्लब द्वारा श्रद्धालुओं को आलू की सब्जी, आचार और पुड़ी की प्रसादी का वितरण सोमवार रात तक किया जाएगा। घंटाघर चौक पर श्री दादाजी भंडारा समिति बर्तन बाजार द्वारा रविवार दोपहर से श्रद्धालुओं को बफेट सिस्टम से दाल, बाफला, कढ़ी, चावल व चूरमा परोसा गया। सोमवार को भी यह भंडारा जारी रहेगा। सराफा बाजार में केसरिया ग्रुप द्वारा इस साल सराफा बाजार में श्रद्धालुओं को पूड़ी, सब्जी, बूंदी, कड़ी व खिचड़ी की प्रसादी खिलाई गई। सोमवार रात तक यह भंडारा जारी रहेगा। पुरानी अनाजमंडी में हम्माल एसोसिएशन द्वारा अनाज मंडी में पूड़ी-सब्जी, दाल-चावल और बूंदी की प्रसादी का वितरण किया गया। इसी के साथ ही शहर में श्रद्धालुओं के लिए पग-पग पर चल रहे भंडारों में पोहा, जलेबी, हलवा, आलू बड़े, चिप्स, कुरकुरे और सेंव परमल व फल, गन्ने का रस भी बाटा गया।

सफाईकर्मी दिन-रात देते हैं सेवा  

सबसे बड़ी बात इस आयोजन में सफाई कर्मियों की सेवा देखने लायक होती है। वे अपने काम को ही दादा जी के दर्शन मान लेते हैं। इन्हें कुछ नहीं कहना पड़ता और 2 दिन तक लगभग 48 घंटे इनकी झाड़ू थमती ही नहीं। वे लगातार इस सेवा को अंजाम देते रहते हैं। मजाल है कि लाखों श्रद्धालु कुछ खाकर पत्तल या दोना भी फेंक दें तो वे तुरंत उसे उठाने दौड़ पड़ते हैं। सफाईकर्मी ही नहीं खंडवा के स्थानीय भक्त भी इस काम में जुटे हुए नजर आते हैं।

हर कोई लगा सेवा कार्य में

यहां सेवा करते हुए व्यक्ति को देखकर आप अनुमान नहीं लगा सकते कि यह करोड़पति भी हो सकता है, लेकिन 2 दिन तक वह व्यक्ति भी केवल आस्थावानों की मेहमान नवाजी में सब कुछ निछावर करने को तैयार रहता है। तन, मन और धन से खंडवा लगा रहता है। यह दादाजी का ही चमत्कार कहा जा सकता है। इसीलिए खंडवा की पहचान गुरु पूर्णिमा के मामले में अलग ही महत्व रखती है। यहां सेवाभावियों को कपड़ों से धर्म विशेष को परखा जा सकता है, लेकिन सबके मन में सेवा का जज्बा देखकर यह नहीं कहा जा सकता कि वे कुछ अलग हैं।

पुलिसकर्मी सुरक्षा बंदोबस्त में जुटे रहे

गुरु पूर्णिमा महोत्सव के लिए दादाजी परिसर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 1000 से ज्यादा पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालने में लगे है। दादाजी धाम परिसर क्षेत्र में ड्रोन की सहायता से पूरे परिसर पर नजर रखी जा रही है। वहीं जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पूरे समय दादाजी मंदिर परिसर में उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

Views Today: 2

Total Views: 334

Leave a Reply

error: Content is protected !!