
विकास पवार बड़वाह– वार्ड क्रमांक 9 की महिला पार्षद रंजनी भंडारी ने अपने चुनावी वादों को पूरा कर नीलकंठ कालोनी में ट्रांसफार्मर की सुविधा उपलब्ध करवाई। इस सुविधा के पहले महेश्वर रोड स्थित नीलकंठ कालोनी अवैध होकर रहवासियों को भारी भरकम विद्युत बिल जमा करना पड़ रहा था। जिसके मद्देनजर नगरीय निकाय चुनाव के दौरान रहवासियों ने पार्षद रंजनी भंडारी से चुनाव के चलते कालोनी में विद्युत ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की थी। इस मांग को पार्षद भंडारी ने जीत के बाद पूरा किया ।जिसकी सुविधा देने के लिए सोमवार सुबह 11 बजे क्षेत्रीय विधायक सचिन बिरला, वार्डवासी और अन्य जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में फिता काटकर कालोनी में विद्युत ट्रांसफार्मर का लोकार्पण किया। इस सुविधा से खुश होकर जहा महिलाए ढोलक की थाप पर नाची तो वही युवाओं ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।

अब सौ से अधिक घरों को हो सकेगी विद्युत सप्लाई
नीलकंठ कालोनी में लगाई गई डीपी की जानकारी देते हुए कार्यपालन यंत्री संदीप पाटिल ने बताया की यह 7 लाख 24 हजार रुपए की लागत से 200 केबी की डीपी लगाई गई है। जिससे अब कालोनी के लगभग 100 घरों में विद्युत सप्लाई की सुविधा मिल सकेगी। जबकि पूर्व की तर्ज पर रहवासियो को बढ़ते बिजली बिल से अब काफी राहत महसूस होगी। श्री पाटिल ने बताया की पहले अवैध कालोनी होने से रहवासियों को अधिक बिल भरना पड़ रहा था। अब रहवासियों को शासन की 100 रुपए में 100 यूनिट का लाभ मिलेगा। वही अतिरिक्त यूनिट की राशि लगभग 6 रुपए 80 पैसे की यूनिट की दर से अब राशि जमा करना होगी। हालाकि पहले यह कालोनी अवैध होने के कारण अस्थाई कनेक्शन होने से इन्हे 10 रुपए से 12 रुपए यूनिट की राशि जमा करना पड़ती थी।
जन सहयोग से लगवाया ट्रांसफार्मर, ताकि भारी-भरकम बिल से मिले निजात
नीलकंठ कॉलोनी अवैध होने के कारण यहां के रहवासी अस्थाई बिजली कनेक्शन लेने के लिए विवश है। जिसके चलते प्रत्येक माह उन्हें भारी-भरकम बिल देना पड़ता था। जिसके कारण रहवासियों को आर्थिक बोझ झेलना पड़ता था। रहवासियों की इस समस्या को देख वार्ड पार्षद श्रीमती भंडारी ने ठानी कि किसी भी हाल में इनके आर्थिक बोझ को कैसे कम किया जा सके। इसी के चलते पार्षद श्रीमती भंडारी ने मानवीय तौर पर अभिनव पहल शुरू की। कुछ राशि स्वयं ने देने की मंशा जाहिर की और कुछ राशि कॉलोनी वासियों को इकट्ठा करने के लिए जोर दिया। दोनों में समंजस ऐसा बैठा की कॉलोनी में नवीन ट्रांसफार्मर का लोकार्पण हो गया।
Views Today: 2
Total Views: 154

