खण्डवा- भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा महेश्वर में 20 जून को निकलेगी। इसकी तैयारियों को लेकर समूचे मालवा निमाड़ में जोर शोर से श्रद्धालु जूट हुए हैं। राज्यसभा सदस्य सुमेरसिंह सोलंकी इस यात्रा में संयोजक है। मालवा निमाड़ के एकमात्र भगवान जगन्नाथ मंदिर महेश्वर के महंत हृदयगिरीजी महाराज ने कहा भगवान जगन्नाथ जी कलयुग के देवता है। भगवान की रथयात्रा सामाजिक समरसता के उद्देश्य से निकलेगी। इसमें निमाड़ अंचल के अलावा मप्र के 10 जिलों से श्रद्धालु शिरकत करें ऐसी रूपरेखा तैयार की गई है। भगवान का मुख्य मंदिर धार्मिक पर्यटन नगरी में है इसलिए रथयात्रा को भव्य रुप में निकालना हमारा मुख्य उद्देश्य है।
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि महंत हृदयगिरीजी महाराज ने गुरुवार को खण्डवा पहुंचे और उन्होंने धूनीवाले दादाजी आश्रम में समाधि पर शीश नवा कर दादाजी धूनीवाले महाराज को भगवान जगन्नाथ की यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण देते हुए इस रथयात्रा को निर्विघ्न संपन्न कराने की प्रार्थना की।
इसके पश्चात उन्होंने पत्रकारों से चर्चा की। इस विशाल धार्मिक रथयात्रा के महत्व को बताते उन्होंने कहा कि पूर्व निमाड़ के भी श्रद्धालु उससे अवगत हों और अधिक से अधिक संख्या में महेश्वर जा सके इसीलिए यहाँ पर आए हैं। खरगोन, बड़वानी, धार झबुआ और इंदौर तक यात्रा का प्रचार प्रसार हुआ है। इस बार यात्रा में लाखों लोग शामिल होंगे। पूरा महेश्वर आगन्तुक श्रद्धालुओंं की सेवा में जुटेगा।
महापौर अमृता अमर यादव ने कहा कि मैं मीडिया के माध्यम से खंडवा शहर और जिले की जनता से आग्रह करना चाहती हूं कि निमाड़ की इस विशाल जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में जरूर शामिल हो। उन्होंने कहा कि निमाड़ वासियों का सौभाग्य है कि हमारे क्षेत्र में भगवान जगन्नाथ का मंदिर है और यहां पर रथयात्रा भी निकल रही है।
भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा समिति के प्रवक्ता सुनील जैन ने कहा कि खंडवा से महेश्वर जाने के लिए वाहन उपलब्ध रहेंगे जो कि 20 जून को प्रात: 7 बजे खंडवा से महेश्वर के लिए रवाना होंगे। यात्रा के सह प्रभारी मधुसूदन चौरे ने भी पत्रकारों को सम्बोधित कर यात्रा पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर महन्त श्री के साथ ही मधुसूदन चौरे, रितेश रोकड़े, बादल सिंह चौहान, शरद शर्मा, नगर निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, आशीष चटकेले, पार्षद अनिल बाबा, पार्षद राजेश यादव धर्मेंद्र बजाज, सुनील जैन, राकेश बंसल, आदि मौजूद रहे।
Views Today: 2
Total Views: 90

