खंडवा :- शहर में दिनदहाड़े एक वकील पर जानलेवा हमला हुआ। नकाबपोश बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और वकील पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल वकील को अस्पताल पहुंचाया गया तो वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश में पुलिस जुट गई है। दिनदहाड़े हुए इस घटनाक्रम से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बार एसोशिएशन के पदाधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घायल वकील से पूरे मामले की जानकारी ली।

घटना मोघट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खानशाहवली वार्ड की है। वकील इरशाद घर से कोर्ट जा रहे थे। जकरिया मस्जिद के पास बाइक सवार आए और उन्होंने हमला कर दिया। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध रिकॉर्ड हुए हैं। पुलिस इस आधार पर जांच की बात कह रही है। वहीं घायल वकील इरशाद का कहना है कि दो में से एक हमलावर ने नकाब नहीं पहना था, उसे मैंने देख लिया है। अगर सामने आएगा तो पहचान लूंगा।
पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। टीआई बृजभूषण हिरवे का कहना है कि इस मामले में जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी जांच जारी है। जिन संदिग्ध की तस्वीरें सामने आई, उनकी जांच में भी जुटे हैं।

