खण्डवा- प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। लाड़ली बहना योजना अंतर्गत ग्राम अहमदपुर खैगांव में पंजीकृत समस्त 1155 लाड़ली बहनाओं को 10 जून से प्रतिमाह 1 हजार रूपए राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर सिस्टम से सीधे बैंक खाते में जमा की जाएगी। लाड़ली बहनाओं को योजनांतर्गत स्वीकृति पत्र घर-घर वितरित किए जा रहे हैं। यह बात जिले के छैगांवमाखन विकासखण्ड के ग्राम पंचायत अहमदपुर खैगांव में पंधाना विधायक राम दांगोरे ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में आयोजित समारोह में विधायक दांगोरे द्वारा उपस्थित लाड़ली बहनाओं को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य श्रीराम चौधरी, सरपंच ममता बाई, सेवादास पटेल, मुख्यकार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छैगांवमाखन स्वर्णलता काजले तथा परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास नन्दराम चौहान उपस्थित थे।
इसी तरह एकीकृत बाल विकास परियोजना खंडवा ग्रामीण अंतर्गत ग्राम बडगांवमाली में भी मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के स्वीकृति पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक देवेन्द्र वर्मा द्वारा दीप प्रज्जवलित एवं कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विधायक देवेंद्र वर्मा द्वारा महिलाओं को मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। शेष लाडली बहनों को स्वीकृति पत्र घर-घर जाकर वितरित किए जाएंगे

