बारह बिस्तरीय आईसीयू एवं दस बिस्तरीय पीआईसीयू की मिली सौगात

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

विकास पवार, बड़वाह– शासकीय अस्पताल बड़वाह को 1 करोड़ 22 लाख रु की लागत से अत्याधुनिक 12 बिस्तरीय आईसीयू एवं 10 बिस्तरीय पीआईसीयू की सौगात मिली। विधायक सचिन बिरला और नगर मंडल अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शुक्रवार सुबह करीब 12 बजे बहुप्रतीक्षित आकस्मिक चिकित्सा इकाइयों का लोकार्पण किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि बड़वाह और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक पिछले कई वर्षों से बड़वाह शासकीय अस्पताल में आकस्मिक चिकित्सा इकाई और नवजात शिशु आकस्मिक चिकित्सा इकाई की मांग कर रहे हैं। अब शासकीय अस्पताल बड़वाह में गंभीर रूप से घायलों को समय पर इलाज मिल सकेगा। जबकि गंभीर रूप से बीमार शिशुओं को भी अब उपचार हेतु इंदौर नहीं ले जाना पड़ेगा। इसके अलावा प्रसूता महिलाओं की सीजर ऑपरेशन भी इस अस्पताल में ही होने लगेंगे। इसके लिए शासकीय अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की नियुक्ति भी कर दी गई है। चिकित्सालय में सोनोग्राफी तथा ब्लड ट्रांसफर सुविधा शुरू हो गई है। ऑक्सीजन सिलिंडर भी यही भरे जाएंगे। हड्डी जोड़ने के काम में आने वाली चिकित्सा सामग्री और एक्सरे फिल्म रोगी कल्याण समिति द्वारा क्रय की जाएगी। ताकि हड्डी में फेक्चर होने पर चिकित्सालय में ही प्लास्टर किया जा सके और एक्सरे भी यहीं हो सके। अस्पताल में पर्याप्त जल आपूर्ति हेतु ट्यूबवेल करवाया जाएगा। पुराने आवास भवन तोड़कर नवीन भवन बनाए जाएंगे।प्रसूति वार्ड में एसी लगवाए जाएंगे और अन्य वार्डों में भी आवश्यकतानुसार कूलर लगाए जाएंगे। एक नवीन एंबुलेंस तथा नवीन रेफ्रीजरेटर भी अस्पताल में उपलब्ध करवाया जाएगा। चिकित्सालय में वेंटीलेटर सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा हाइड्रोलिक बिस्तर,सेंट्रलाइज एयर कंडीशन व्यवस्था जैसी सुविधाएं भी जुटाई जाएगी।

प्रसूता महिलाओं के नही हो रहे सीजर ऑपरेशन

नपा उपाध्यक्ष राजेश जायसवाल ने चिकित्सालय की दो समस्याओं को रेखांकित करते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में नवनिर्मित आवास में अपशिष्ट जल की निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण चिकित्सकों को नवीन आवासों का आवंटन नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा नवनियुक्त एनेस्थेशिया विशेषज्ञ डॉ.राजेश शाह ने अभी तक पदभार ग्रहण नहीं किया है। इस कारण शासकीय अस्पताल में सारी सुविधाएं होने के बावजूद प्रसूता महिलाओं के सीजर ऑपरेशन नहीं हो रहे हैं। श्री जायसवाल ने विधायक से इन दो समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। विधायक ने कहा कि नवनिर्मित आवासों का लोकार्पण जल्दी किया जाएगा और संबंधित विभाग के अधिकारी को नवनिर्मित आवासों की अपशिष्ट जल निकासी हेतु नाली निर्माण के निर्देश दे दिए गए हैं। विधायक ने बताया कि 24 घंटे ड्यूटी पर उपलब्ध रहने वाले चिकित्सकों को पहली प्राथमिकता में नवनिर्मित आवासों का आवंटन किया जाएगा। साथ ही एनेस्थेशिया विशेषज्ञ डॉ.शाह को भी शीघ्र कार्यभार संभालने के लिए आदेश जारी किए जायेगे। ताकि चिकित्सालय में प्रसूता महिलाओं के सीजर ऑपरेशन शुरू हो सकें। विधायक ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान प्रदेश के शासकीय चिकित्सालयों को सर्वसुविधायुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। ताकि नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही सभी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रपालसिंह तोमर ने नागरिकों से अस्पताल परिसर की स्वच्छता रखने का आव्हान किया। इस अवसर पर विधायक श्री बिरला ने वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश बाबा एवं मोनू वर्मा को रोगी कल्याण समिति का सदस्य बनाया। जबकि बिट्टा भाटिया को विधायक प्रतिनिधि नियुक्त करने की घोषणा की। इस अवसर पर एसडीएम बीएस कलेश, सीईओ रोहित पचौरी, बीएमओ डॉ.राजेंद्र मिमरोट, प्रभारी चिकित्सक डॉ.यशवंत इंगला, जनपद उपाध्यक्ष वीरेंद्र माले, भाजपा महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष विमला चौधरी, पार्षद रजनी भंडारी, धनलक्ष्मी शर्मा, मजहर अली, विजय सोनी, नरहरि दांगी, संजय मुथा सहित बडी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Views Today: 2

Total Views: 146

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!