Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
हरदा

रेल मदद पर यात्री शिकायतों के त्वरित निस्तारण में भोपाल मंडल की उल्लेखनीय उपलब्धि

2 min read
13 9
Text Size:

अनोखा तीर, भोपाल। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल ने यात्री सुविधा एवं शिकायत निवारण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए अपनाई गई तकनीक आधारित कार्यप्रणाली के परिणामस्वरूप रेल मदद पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के औसत समाधान समय में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। भोपाल मंडल में 1 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 के दौरान रेल मदद के माध्यम से कुल 49,034 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका औसत समाधान समय मात्र 35 मिनट रहा। वहीं, गत वर्ष 1 अप्रैल 2025 से 30 सितंबर 2025 की अवधि में कुल 35,082 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनके समाधान में औसतन 50 मिनट का समय लगा था। इस प्रकार, पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में शिकायतों की संख्या में लगभग 40 प्रतिशत वृद्धि होने के बावजूद औसत समाधान समय में 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। यह उपलब्धि भोपाल मंडल की कार्यकुशलता, त्वरित समन्वय एवं यात्री केंद्रित कार्यप्रणाली को दर्शाती है। रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से रेलवे द्वारा हेल्पलाइन नंबर 139 सहित विभिन्न शिकायत माध्यमों को रेल मदद प्रणाली से जोड़ा गया है। इस व्यवस्था के माध्यम से यात्रियों की शिकायतें एकीकृत मंच पर दर्ज होकर संबंधित विभाग तक पहुंचती हैं, जिससे उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है। शिकायतों के निस्तारण के पश्चात यात्रियों से फीडबैक भी प्राप्त किया जाता है। भोपाल मंडल में स्थापित रेल मदद वॉर रूम शिकायतों की रियल टाइम मॉनिटरिंग करते हुए उनके त्वरित निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस पूरी व्यवस्था में वाणिज्य, विद्युत, कैरिज एवं वैगन, चिकित्सा तथा रेलवे सुरक्षा बल सहित संबंधित विभाग 24&7 समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। भोपाल मंडल का उद्देश्य यात्रियों की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के साथ-साथ रेल सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करना है। रेल मदद प्रणाली की नियमित निगरानी, विभागीय समन्वय और तकनीक के प्रभावी उपयोग से यात्रियों की समस्याओं के समाधान को अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जा रहा है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि शिकायतों के प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग को सूचित किया जाता है तथा आवश्यकतानुसार यात्री से संपर्क कर समस्या के समाधान तक सतत निगरानी रखी जाती है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply