–जिले में बुआना कलेक्टिव पहल शुरू
अनोखा तीर, हरदा/टिमरनी। जिले में सामाजिक और शैक्षणिक विकास के क्षेत्र में काम कर रही युवीशम संस्था ने 27 अक्टूबर 2026 को अपना एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। इस अवसर पर संस्था ने शासकीय प्राथमिक शाला बघवाड़ में स्कूली बच्चों, शिक्षकों और सामाजिक साथियों के साथ मिलकर अपना पहला स्थापना दिवस सादगी और उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के साथ विभिन्न रोचक खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ हुई। पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों के महत्व को समझाने के लिए बच्चों के साथ मिलकर शाला परिसर में पौधरोपण किया गया। इस दिन को हमेशा याद रखने और बच्चों में प्रकृति के प्रति जुड़ाव पैदा करने के लिए सभी बच्चों के अंगूठे के निशान से एक विशेष ट्री आर्ट भी तैयार किया गया। इसके साथ ही बच्चों से उनके सपनों, भविष्य की प्राथमिकताओं और शिक्षा को लेकर आत्मीय चर्चा की गई। संस्था की टीम ने पिछले एक वर्ष के जमीनी कार्यों, अनुभवों और सीख को स्कूल स्टाफ, बच्चों और उपस्थित सामाजिक साथियों के साथ साझा किया। इस विशेष अवसर पर कोमल अग्रवाल के सुपुत्र हरीश अग्रवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने अपनी बेटी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सभी स्कूली बच्चों को फल वितरित किए और बच्चों की बेहतर पढ़ाई व स्कूल की व्यवस्थाओं के लिए सहयोग राशि बघवाड़ स्कूल को भेंट की। कार्यक्रम में क्षेत्र की प्रमुख सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल हुए, जिनमें पहल सामाजिक संस्था से नवीन कुशवाहा एवं अमित, नेतृत्व साझा मंच से सुनील कुमार इवने और घुमंतू कहानीकार गोल्डी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जमीनी स्तर पर शिक्षा और सामाजिक बदलाव के लिए निरंतर काम करने की बात कही। स्थापना दिवस के मौके पर युवीशम संस्था ने जिले के सामाजिक क्षेत्र के लिए एक नई पहल बुआना सीएसओ कलेक्टिव की शुरुआत की घोषणा की। आनंद ने कहा कि यह हरदा की नई-पुरानी संस्थाओं का एक ऐसा साझा मंच होगा जहां सभी अपने कार्य, अनुभव और संसाधन साझा कर सकें, जिले के मुद्दों पर सकारात्मक नैरेटिव तैयार कर सकें और एक मजबूत सामाजिक इको-सिस्टम बन सके। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ से प्रिंसिपल रामभरोश दमाड़े, कोमल अग्रवाल, अब्बास शाह शामिल रहे, जिसमें कोमल अग्रवाल का संस्था को विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। साथ ही संस्था से अनिल सरयाम, जितेंद्र, आनंद और गांव के बच्चे उपस्थित रहे। अंत में बच्चों को उपहार वितरित किए गए और सभी ने युवीशम संस्था के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लिया।







