खंडवा। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने अपना मोर्चा संभाल लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने निमाड़ और मालवा के कांग्रेसियों में जोश भरने के लिए लगातार कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। गुरूवार को जिले के आदिवासी क्षेत्र खालवा पहुंचे दिग्विजय सिंह ने प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार पर तीखे हमले बोले। पत्रकारों से चर्चा के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा में अब अहम आ गया है। शिवराज भाजपा, महाराज भाजपा और नाराज भाजपा। शिवराज भाजपा दलालों की भाजपा है, मैं जहां-जहां जा रहा हूं वहां आम जनता का सपोर्ट मिल रहा है। जनता नाराज हैं। प्रदेश के हर जिले में बूथ मैनेजमेंट होगा। चुनाव सूची में जो हेरफेर की गई है। उसे सही करवाएंगे। मजदूरी के बाद अधिकतर घरों में चूल्हा जलता था, लेकिन नोटबंदी के बाद मजदूरी खत्म हो गई। जीएसटी से व्यापारी परेशान हैं। मजदूरों को काम नहीं मिल रहा। बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा। कांग्रेस सरकार की पहली प्राथमिकता गरीबी और बेरोजगारी को दूर करना रही। मुफ्त में अनाज योजना हमारे द्वारा ही लाई गई थी। मोदी की शख्सियत मैं के अलावा कुछ नहीं है। उनके अनुसार ऐसा लगता है देश आजाद 2014 के बाद हुआ है।
चारे का पैसा नहीं, एंबुलेंस में कमीशन
गायों की सुरक्षा के लिए मेरी सरकार ने गौ सेवा आयोग का गठन किया था। सरकार जाते ही इन्होंने उसे बंद कर दिया। कमलनाथ सरकार द्वारा 1000 गौशाला निर्माण करने का फैसला किया। गायों के चारे के लिए हमने पैसा दिया। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने उसे भी बंद कर दिया। गायों के नाम पर एंबुलेंस खरीदने के लिए पैसा है। इंसानों को एंबुलेंस मिल नहीं पा रही है। दीपक जोशी की पत्नी समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने के कारण दम तोड़ देती है। एंबुलेंस के नाम पर केवल कमीशनबाजी सरकार कर रही है।
हरसूद मुआवजे की भेड़ चढ़ा
उन्होंने कहा हरसूद बचाया जा सकता था। उस समय मैं स्वयं विस्थापित लोगों से मिला था। सांसद नंदकुमार सिंह चौहान से मिला था। यहां के विधायक विजय शाह से मिला था। मेघा पाटकर से मिला था। 66 करोड़ों रुपए से दीवाल निर्माण करने से हरसूद को बचाया जा सकता था, लेकिन 132 करोड़ रुपए स्थानीय नेताओं की सहमति से मुआवजा दिया, क्योकि उनको मुआवजा चाहिए था। फिर नए हरसूद का निर्माण किया।
एक पेड़ लगाओ हजारों पेड़ कट रहे
दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के मध्यप्रदेश के पेड़ लगाओ अभियान को नौटंकी बताते हुए कहा कि शिवराज भोपाल में एक पार्क में जाकर एक पेड़ लगा रहे हैं वहीं दूसरी ओर प्रदेश में हजारों पेड़ काटे जा रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान यह नाटक नौटंकी बंद करें। उन्होंने कहा कि नेपानगर के जंगल धड़ल्ले से काटे जा रहे हैं। खंडवा में भी जंगल काटा जा रहा है। माफिया तंत्र सक्रिय है। आज भी आदिवासी क्षेत्रों में भू अधिकार अधिनियम के पट्टे नहीं बट पाए है।ं आज भी आदिवासी क्षेत्रों में नेट कनेक्टिविटी नहीं है। मनरेगा हमारे द्वारा लाई गई थी लेकिन उसे केवल औपचारिकता निभाई जा रही है। आज भी हरसूद के मजदूरों का शोषण हो रहा है। वह बाहर के राज्यों में जाकर मजदूरी कर रहे हैं।

कांग्रेस ने हमेशा दिया और भाजपा ने छीना
जिला मीडिया प्रभारी प्रेमांशु जैन ने बताया कि दिग्विजय सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों को देती है और भाजपा गरीबों से छिनती है। हम जमीन बांटते हैं। वह आपसे (गरीबों) जमीन छीनते हैं। आवासीय पट्टे और मकान हम देते है और बीजेपी बुलडोजऱ से तोड़ती है। प्रधानमंत्री आवास योजना हमारी योजना है। हमने गरीबों को मकान दिए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में भाजपा ने शहर और ग्रामीण में भेदभाव किया है। एक ओर जहां शहरी को ढाई लाख तो ग्रामीणों को सवा लाख रुपए दिए जा रहे हैं जो कि उचित नहीं है। कुल मिलाकर भाजपा आदिवासी, गरीब, अनुसूचित जाति, किसान और मजदूर विरोधी है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में दिग्विजय सिंह के साथ रामेश्वर नीखरा, आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामु टेकाम, खंडवा जिला प्रभारी कैलाश कुंडल, सह प्रभारी आमिर पटेल, ठाकुर राजनारायण सिंह, श्याम यादव, अवधेश सिसोदिया, ब्लॉक अध्यक्ष बसंत पंवार, सोभाग सांड, अशोक पटेल, सुरेश पवार, आरएन ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश वर्मा, टोनी ठाकुर, सरोज बघेल, रेहमान खान, मोनी सोमानी, प्रेमांशु जैन सहित कांग्रेसजन मौजूद थे।
Views Today: 2
Total Views: 98

