Skip to content
Wednesday, 4 November 2026
नर्मदापुरम

सराफा व्यापारी को स्टोर रूम में बंद कर 65 लाख के जेवर चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार

3 min read
07 2
Text Size:

– 24 घंटे के भीतर इटारसी सराफा बाजार से पकड़ी गई आरोपी, 450 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण बरामद

अनोखा तीर, नर्मदापुरम। सराफा व्यापारी को बातों में उलझाकर बेसमेंट के स्टोर रूम में बंद करने के बाद करीब 65 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाली शातिर महिला को कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए करीब 450 ग्राम वजन के आभूषण भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार घटना 2 नवंबर की दोपहर करीब 12:30 बजे रघुनाथ गली स्थित राज ज्वेलर्स की है। दुकान संचालक आशीष कुमार जैन 63 वर्ष के पास एक महिला ग्राहक बनकर पहुंची थी। महिला ने चेहरे पर स्कार्फ बांध रखा था। उसने पहले मंगलसूत्र का पेंडल देखा और फिर एटीएम से पैसे लाने का बहाना बनाकर दुकान से चली गई। करीब 15 मिनट बाद वह दोबारा लौटी और कान के टॉप्स दिखाने को कहा। इसी दौरान जब व्यापारी कान के टॉप्स लेने बेसमेंट के स्टोर रूम में गए तो महिला ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद काउंटर की दराज से सोने-चांदी के आभूषणों के डिब्बे चोरी कर फरार हो गई। व्यापारी की शिकायत पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 1052/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(ए) और 127(2) में मामला दर्ज किया गया।
250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पूर्व में इसी तरह की वारदात होने के आधार पर इटारसी और नर्मदापुरम के कैमरों की भी जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान कर पुलिस टीम ने इटारसी सराफा बाजार में घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम चाहत मंसूरी उर्फ मुस्कान लोट पति निखिल लोट 28 वर्ष निवासी चर्च के पीछे खेड़ा इटारसी बताया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी गए आभूषण बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पहचान छिपाने के लिए जला दिए कपड़े और चप्पल
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से वारदात के दौरान पहने कपड़े, स्कार्फ और चप्पल जला दिए थे। इतना ही नहीं चोरी किए गए आभूषणों के डिब्बों को भी आग के हवाले कर दिया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पूर्व में इटारसी के सराफा बाजार में इसी तरीके से एक अन्य चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन तथा एसडीओपी जितेंद्र पाटकर के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला एवं उनकी टीम ने की।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply