90 हजार की रिश्वत लेते वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन का दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार

 


– एनओसी जारी करने के बदले मांगी गई थी रिश्वत
– लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई में कनिष्ठ सहायक सहित दो पर मामला दर्ज
अनोखा तीर, नर्मदापुरम। मूंग उपार्जन कार्य की एनओसी जारी करने और दो होल्डिंग चालान पास कर भुगतान के लिए लगाने के एवज में रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त भोपाल की टीम ने नर्मदापुरम में ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने मध्यप्रदेश वेयर हाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन में पदस्थ दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी को 90 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मामले में कनिष्ठ सहायक सहित दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। लोकायुक्त के अनुसार जसलपुर निवासी संदीप कुमार परसाई जसलपुर सहकारी सेवा समिति में सेल्समैन के पद पर कार्यरत हैं और मूंग उपार्जन का कार्य भी करते हैं। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके दो होल्डिंग चालान पास कर भुगतान के लिए लगाने तथा मूंग उपार्जन कार्य की एनओसी जारी करने के बदले वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के कनिष्ठ सहायक भारत यादव द्वारा उनसे 1 लाख 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के मुताबिक भारत यादव ने दबाव बनाकर 8 सितंबर को संदीप से 40 हजार रुपए पहले ही ले लिए थे। इसके बाद एनओसी जारी करने के लिए शेष 90 हजार रुपए की मांग की जा रही थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर आवेदक ने लोकायुक्त पुलिस भोपाल में शिकायत की।
सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत का निरीक्षक रजनी तिवारी द्वारा सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने के बाद 15 सितंबर को लोकायुक्त भोपाल की टीम नर्मदापुरम पहुंची और ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। लोकायुक्त के मुताबिक कार्रवाई के दौरान आरोपी कनिष्ठ सहायक भारत यादव ने अपने अधीनस्थ दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी विपिन सिंह को रिश्वत की रकम लेने के लिए भेजा। विपिन सिंह ने अग्रवाल होटल, मीनाक्षी चौराहा, नर्मदापुरम में आवेदक से 90 हजार रुपए लिए। इसी दौरान लोकायुक्त टीम ने उसे रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। दोनों आरोपियों पर मामला दर्ज लोकायुक्त पुलिस ने भारत यादव और विपिन सिंह के विरुद्ध धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त भोपाल संभाग की टीम ने की। ट्रैप दल में निरीक्षक रजनी तिवारी, निरीक्षक घनश्याम सिंह मर्सकोले, प्रधान आरक्षक मुकेश पटेल, आरक्षक यशवंत, मुकेश परमार, हेमेन्द्र पाल, चैतन्य प्रताप, मनोज माझी और वाहन चालक हिम्मत सिंह शामिल रहे।

0 Views

Leave a Reply