-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौसर में डॉ. अनिकेत प्रसाद ने संभाला पदभार
अनोखा तीर, नौसर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौसर में मंगलवार को गौरवपूर्ण अवसर रहा, जब प्रभारी चिकित्सक डॉ. केशरी प्रसाद के सुपुत्र डॉ. अनिकेत प्रसाद को पुष्पगुच्छ भेंट कर चिकित्सा अधिकारी के रूप में ज्वाइनिंग दी गई। डॉ. अनिकेत प्रसाद बॉन्डेड सेवा (1 वर्ष) के अंतर्गत मेडिकल ऑफिसर के पद पर अपनी सेवा प्रदान करेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ सरिता सरवरे, मुक्तेश मालवी, दगडू यदुवंशी, पुनियाबाई ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर डॉ. अनिकेत प्रसाद का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। पिता और पुत्र का एक ही स्वास्थ्य संस्था में साथ कार्य करना क्षेत्र के लिए सौभाग्य एवं गौरव की बात है। डॉ. केशरी प्रसाद और डॉ. अनिकेत प्रसाद दोनों मिलकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौसर में अपनी सेवाएं देंगे। इससे स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं को और मजबूती मिलने के साथ ही क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर स्टाफ ने डॉ. अनिकेत प्रसाद को सफल सेवाकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।





