– हरदा में प्रेसवार्ता कर पूर्व मंत्री ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
-कहा- अवैध शराब कारोबार में शामिल लोगों पर हो सख्त कार्रवाई
अनोखा तीर, हरदा। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। हरदा में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने घटना की निंदा करते हुए शहीद टीआई को श्रद्धांजलि दी और आरोपी राहुल जायसवाल तथा उसके भाई मनीष जायसवाल की संपत्ति राजसात कर नीलाम करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नीलामी से मिलने वाली राशि शहीद के परिवार को दी जानी चाहिए। कमल पटेल ने आरोप लगाया कि अवैध शराब के कारोबार को कांग्रेस नेताओं का संरक्षण प्राप्त था। उन्होंने कहा कि अवैध शराब से भरे ट्रक को पकड़ने के प्रयास में टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचल दिया गया। इस मामले में कांग्रेस नेताओं की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से शहीद के परिवार से माफी मांगने की मांग की।
मुख्यमंत्री की कार्रवाई का किया स्वागत
पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शहीद के परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता और उनकी पत्नी को सब इंस्पेक्टर बनाने की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोषियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए। साथ ही राहुल जायसवाल और मनीष जायसवाल की संपत्ति की जांच कर उसे राजसात करने की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखने की बात कही।
हरदा में अवैध कारोबार पर छापेमारी की मांग
पटेल ने हरदा जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जहां भी अवैध कारोबार संचालित हो रहा है, वहां छापेमारी की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के साथ ऐसे मामलों में मिलीभगत करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रेसवार्ता में उन्होंने कांग्रेस विधायक आरके दोगने पर भी निशाना साधा।







