-चालक-परिचालक से जमकर मारपीट
-परिचालक से 12 हजार रुपये छीनने का आरोप
-आधा घंटे तक बस रोककर किया उपद्रव, वीडियो वायरल
अनोखा तीर, बुधनी/रेहटी। हरदा से भोपाल की ओर जा रही इंदिरा बस सर्विस की एक यात्री बस में बुधवार सुबह करीब 10 बजे रेहटी थाना क्षेत्र के बोरी ग्राम स्थित काला गेट के पास कुछ असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। लगभग 20 से 25 की संख्या में आए हमलावरों ने बीच सड़क पर बस को रोककर न केवल चालक और परिचालक के साथ बुरी तरह मारपीट की, बल्कि बस पर पथराव कर तोड़फोड़ भी की। इस घटना का एक वीडियों भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आधे घंटे तक रुकी रही बस, दहशत में रहे यात्री
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, जब बस यात्रियों को लेकर भोपाल की तरफ जा रही थी, तभी बोरी काला गेट के पास अचानक 20-25 लोगों की भीड़ ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने करीब आधे घंटे तक सड़क पर उपद्रव किया, जिससे बस में सवार दर्जनों यात्रियों में भारी दहशत फैल गई। अचानक हुई इस घटना से बस के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्री सहम गए। हालात को बेकाबू होता देख चालक और परिचालक ने किसी तरह संयम से काम लेते हुए बस को वहां से आगे निकाला और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
हिसाब के 12 हजार रुपए लूटने का आरोप
बस कर्मचारियों के अनुसार, मारपीट और तोड़फोड़ के दौरान उपद्रवियों ने परिचालक के पास मौजूद टिकटों की बिक्री (हिसाब) के करीब 12 हजार रुपए भी छीन लिए। दिनदहाड़े बीच सड़क पर हुई इस गुंडागर्दी और कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना के बाद से बस संचालकों में भारी रोष है। वायरल वीडियों सामने आने के बाद इलाके की कानून व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिकायत दर्ज, पुलिस की कार्रवाई पर नजर
इस गंभीर मामले में बस मालिक की ओर से रेहटी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई है। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद अब पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सबकी नजर है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और घटना के पीछे की असल वजहों का पता लगाने में जुटी हुई है।







