– नर्मदापुरम में किसानों ने तोड़े दो बैरिकेट्स
– झड़प में पुलिसकर्मी घायल, 14 नेता हिरासत में

अनोखा तीर, नर्मदापुरम। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले सोमवार को ‘भोपाल कूचÓ के लिए निकले किसानों और पुलिस के बीच नर्मदापुरम में भारी तनाव की स्थिति बन गई। मूंग की शत-प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने की मांग को लेकर राजधानी जा रहे किसानों को प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। इसके बावजूद किसान बैरिकेट्स तोड़कर आगे बढ़ गए, जिससे पुलिस और किसानों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस झूमाझटकी में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अब तक 14 किसान नेताओं को हिरासत में लिया है।
नर्मदा पूजन के बाद कूच, सुरक्षा घेरा तोड़ा
प्रदेश के 13 सहयोगी किसान संगठनों के हजारों किसान मां नर्मदा का पूजन-अर्चन कर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए भोपाल की ओर रवाना हुए थे। प्रशासन ने उन्हें रोकने के लिए भोपाल तिराहा और परमश्री क्षेत्र में भारी बैरिकेडिंग कर रस्सियों से सुरक्षा घेरा बनाया था। भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद किसान आगे बढ़ने पर अड़े रहे और दो प्रमुख बैरिकेट तोड़ दिए। इसी दौरान हुई छीना-झपटी में एक पुलिसकर्मी के हाथ में चोट लग गई।
कलेक्टर-एसपी ने संभाला मोर्चा
आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए शहर के सभी प्रवेश द्वारों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। भोपाल-बुधनी रोड स्थित डोंगरवाड़ा तिराहे पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा ने स्वयं भारी पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला। प्रशासन ने बिना अनुमति के निकाले जा रहे इस मार्च पर सख्ती दिखाते हुए 14 प्रमुख किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया है।
सेठानी घाट पर हनुमान चालीसा का पाठ, चेतावनी दी
नेताओं की धरपकड़ और नजरबंद किए जाने की कार्रवाई से नाराज किसानों ने सेठानी घाट पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। किसानों ने मौके पर मौजूद एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और डीएसपी से कार्रवाई का कारण पूछते हुए प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद किसानों ने दो मिनट का मौन रखा और घाट पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। आक्रोशित किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनके आंदोलन को बलपूर्वक रोका गया तो वे नर्मदा नदी में कूदने या जहर खाने जैसे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होंगे।
हरदा के किसान नेताओं को रोककर किया गिरफ्तार

हरदा जिले के किसानों को सोमवार को नर्मदापुरम जाते समय पुलिस ने रोक दिया। किसान शत-प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग को लेकर नर्मदापुरम से भोपाल तक प्रस्तावित पैदल मार्च में शामिल होने जा रहे थे। प्रदेश के 13 किसान संगठन संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले भोपाल कूच की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस ने ग्राम अबगांव खुर्द के पास बैरिकेडिंग लगाकर किसानों को रोक दिया। वहीं, टिमरनी पुलिस ने हरदा और नर्मदापुरम जिले की सीमा पर गंजाल नदी के पुल पर भी किसानों को आगे नहीं बढ़ने दिया। यहां पर किसान नेताओं को गिरफ्तार कर एक गार्डन में नजरबंद किया गया। हालांकि प्रशासन ने गिरफ्तार किसान नेताओं को भोजन तक कराया। देर रात को पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें रिहा करने का समाचार प्राप्त हुआ है।





