-कलेक्टर ने ऑनलाइन सेवाओं के सख्त निर्देश दिए
अनोखा तीर, नर्मदापुरम। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं, नागरिक सुविधाओं और विभागीय कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवहन विभाग से जुड़ी सभी सेवाएं निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही संचालित की जाएं ताकि कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और सुगमता बनी रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रमोद कापसे से विभागीय कार्यों की जानकारी ली और कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण, नया ड्राइविंग लाइसेंस जारी करना, वाहन पंजीयन, परमिट नवीनीकरण सहित सभी सेवाएं केवल ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत ही की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में इन कार्यों को ऑफलाइन माध्यम से नहीं किया जाए। कलेक्टर ने कार्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा कार्यालय में आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परिवहन संबंधी कार्यों से कार्यालय पहुंचे नागरिकों से भी बातचीत की। उन्होंने उनसे विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, सुविधाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम देवेंद्र सिंह सहित परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





