Skip to content
Thursday, 22 October 2026
हरदा

हजारों की भीड़ में रामभक्ति की गूंज के साथ हुआ रावण दहन

2 min read
08 2 4
Text Size:

-भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु, सोशल मीडिया रूपी आधुनिक रावण पर नाट्य मंचन को मिली सराहना
अनोखा तीर, हरदा। विजयादशमी के पावन पर्व पर आर्यन जनसेवा फाउंडेशन एवं नमामि देवी नर्मदे समिति हरदा के संयुक्त तत्वावधान में इंदौर रोड स्थित होटल मानसरोवर के बाजू में रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों की उपस्थिति में रामभक्ति के जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच रावण दहन संपन्न हुआ। हरदा में पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन से जुड़े राम नेमा ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। इस दौरान गायक जय पुजारी, कपिल यादव एवं रंजीता रघुवंशी ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर नजर आए। पूरे आयोजन स्थल पर भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
सोशल मीडिया रूपी आधुनिक रावण पर किया जागरूक
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय हरदा की टीम द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन रहा। इसमें वर्तमान समय में व्हाट्सएप, फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के अत्यधिक उपयोग एवं उनकी गिरफ्त में फंसते लोगों की स्थिति को दर्शाया गया। मंचन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जिस प्रकार त्रेतायुग में भगवान श्रीराम ने रावण का अंत किया था, उसी प्रकार आज के दौर में भी मनुष्य को अपनी बुराइयों और नकारात्मक आदतों पर विजय प्राप्त करने की आवश्यकता है। टीम की इस प्रभावशाली प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
जनप्रतिनिधियों ने किया रावण दहन
रात्रि करीब 9.30 बजे हरदा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेडिया, नगर मंडल अध्यक्ष नीतेश बादर एवं बसंत राजपूत , दीपक नेमा ने रावण दहन किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने जय श्रीराम के जयकारों के साथ विजयादशमी का पर्व मनाया। आयोजन समिति के सदस्य नरेश बादर ने बताया कि कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। रावण दहन कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला। भजन संध्या, सांस्कृतिक प्रस्तुति और सामाजिक संदेश के अनूठे संगम ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। आयोजन की शहरवासियों ने प्रशंसा की। कार्यक्रम को सफल बनाने में निखिल रुनवाल, संस्कार बादर, ऋषभ बादर सहित समिति के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply