अनोखा तीर, हरदा। जिले के खेड़ा गांव में बुधवार दोपहर करीब 8 एकड़ में लगी मक्का की फसल जलकर राख हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। किसानों ने लाखों रुपए के नुकसान की बात कहते हुए प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
चारा जलाने के दौरान आग लगने का आरोप
किसान महेश यादव और जगदीश झिझोरे ने बताया कि उनके खेत की मेड़ पर पड़ोसी किसान ने चारा जलाने के लिए आग लगाई थी। इसी दौरान निकली चिंगारी से उनकी करीब 8 एकड़ मक्का की फसल जल गई। किसानों के अनुसार, आग से उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। किसानों ने हंडिया थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। उन्होंने प्रशासन से फसल के नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
जांच और पंचनामा के बाद होगा नुकसान का आकलन
हंडिया तहसीलदार पूजा भाटी ने बताया कि दो किसानों के खेत में रखी मक्का की फसल में अज्ञात कारणों से आग लगी है। आग से खेत में रखी फसल को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि नुकसान का सही आकलन जांच और पंचनामा तैयार होने के बाद ही हो सकेगा।
8 एकड़ मक्का की फसल जलकर राख, लाखों के नुकसान का दावा






