Skip to content
Wednesday, 14 October 2026
नर्मदापुरम होशंगाबाद / नर्मदापुरम

मजार में तोड़फोड़ का खुलासा: शराब के लिए रुपये तलाशने पहुंचा आदतन अपराधी गिरफ्तार, 24 आपराधिक मामले दर्ज

2 min read
Text Size:

मजार में तोड़फोड़ का खुलासा: शराब के लिए रुपये तलाशने पहुंचा आदतन अपराधी गिरफ्तार, 24 आपराधिक मामले दर्ज

 

तरुण मेहरा, माखननगर। बागरातवा स्थित हजरत गौरी शाह बादशाह मजार में हुई तोड़फोड़ और धार्मिक सामग्री के अपमान के मामले का माखननगर पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को फरियादी सलीम शाह (50), निवासी पठान चौक, सेमरी हरचंद ने थाना माखननगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मजार की रेलिंग तोड़ दी, मजार पर चढ़ी चादर, कुरान शरीफ और अन्य धार्मिक सामग्री को इधर-उधर फेंककर धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। शिकायत के आधार पर थाना माखननगर में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत धारा 298 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साईकृष्णा एस. थोटा (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन तथा एसडीओपी सोहागपुर संजू चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जानकारी और अन्य सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।

जांच के दौरान पुलिस ने अमजद उर्फ गोंगा (35) निवासी टांडा मोहल्ला, माखननगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है और आर्थिक तंगी के चलते शराब के लिए रुपये जुटाने की नीयत से मजार में रखे दानपात्र, चादर और कुरान शरीफ में पैसे तलाशने पहुंचा था। जब उसे कहीं रुपये नहीं मिले तो उसने गुस्से में मजार की रेलिंग तोड़ दी, धार्मिक सामग्री को इधर-उधर फेंक दिया और वहां लगी बैटरी चोरी कर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना माखननगर का आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध पहले से 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस मामले के सफल खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह ठाकुर, उपनिरीक्षक आकाशदीप पचाया, सहायक उपनिरीक्षक वीरेन्द्र शुक्ला, प्रधान आरक्षक कैलाश तथा आरक्षक गजेन्द्र चौहान, मनीष कपाले, अर्जुन, रविन्द्र, रोहित और राहुल पवार सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना की है।

908 Views
What do you think?

Leave a Reply