
अनोखा तीर टिमरनी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता भाऊ साहेब भुस्कुटे शासकीय महाविद्यालय में विभिन्न समस्याओं को लेकर प्राचार्य से मिलने पहुंचे। परिषद के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उनके पहुंचने पर प्राचार्य कार्यालय में मौजूद नहीं थे। कार्यकर्ताओं ने सहायक प्राध्यापकों से अनुपस्थिति का कारण पूछा। उनका कहना है कि प्राचार्य दोपहर करीब एक बजे महाविद्यालय पहुंचे। नगर अध्यक्ष अमित पालवे ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय के प्राचार्य जे.के. जैन लगातार मनमानी कर रहे हैं और नियमों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि परिषद के कार्यकर्ता जब भी किसी समस्या को लेकर प्राचार्य से मिलने पहुंचते हैं, तब प्राचार्य और स्टाफ का एक हिस्सा अनुपस्थित रहता है। परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले एक महिला प्राध्यापिका की तबीयत खराब होने पर उन्हें समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया गया और न ही प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई। इस संबंध में प्राचार्य के रवैये पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। एबीवीपी कार्यकर्ता कृष्णा भाटी ने आरोप लगाया कि समस्याओं को लेकर प्रशासन से चर्चा करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य को महाविद्यालय परिसर के विभिन्न कमरों में ले जाकर गंदगी दिखाई और सफाई कराने की मांग की। कार्यकर्ता शुभम धनवारे ने कहा कि पूर्व में दिए गए ज्ञापन में वॉटर कूलर की सफाई, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था तथा सभी प्राध्यापकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक इन मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान नगर अध्यक्ष अमित पालवे, विजय सोलंकी, अरविंद गुर्जर, राहुल कौशल, कारण माडले, कृष्णा भाटी, उमेश सोलंकी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





