युवती ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर की आत्महत्या

-युवक पर प्रताड़ना का आरोप

अनोखा तीर, मसनगांव। समीपस्थ ग्राम कांकरिया में सोमवार दोपहर एक 18 वर्षीय युवती द्वारा ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक युवक द्वारा फोन पर लगातार परेशान किए जाने के कारण युवती मानसिक तनाव में थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, ग्राम कांकरिया निवासी कड़वाजी ठाकरे की 18 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी ने सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे घर में ज्वलनशील पदार्थ डालकर स्वयं को आग लगा ली। आग से वह गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के समय घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था। युवती की मां एवं बहन मजदूरी पर गई थीं, पिता गैस सिलेंडर भरवाने हरदा गए थे तथा भाई स्कूल गया हुआ था। शाम करीब 4 बजे जब भाई घर लौटा तो उसने आंगन में बहन का जला हुआ शव देखा। इसके बाद परिजनों एवं ग्रामीणों को सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी ने इस वर्ष कॉलेज में प्रवेश लिया था और पिछले दो-तीन दिनों से नियमित रूप से कॉलेज जा रही थी। उसने किसी भी प्रकार की परेशानी की जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं दी थी। युवती के भाई का आरोप है कि गांगला गांव का एक युवक फोन कर उसकी बहन को लगातार परेशान करता था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे भी उस युवक का फोन आया था, जिसके बाद से लक्ष्मी तनाव में दिखाई दे रही थी। हालांकि उसने परिवार को इस संबंध में कुछ नहीं बताया और दोपहर में यह कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 एवं सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं तथा मोबाइल कॉल डिटेल सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

0 Views

Leave a Reply