-सीसीटीवी और साइबर तकनीक की मदद से भोपाल के चार आरोपियों तक पहुंची पुलिस
अनोखा तीर, टिमरनी। थाना टिमरनी पुलिस ने वेयरहाउस परिसर में लगे ट्रांसफार्मर एवं उसके स्ट्रक्चर से कॉपर कॉइल, ट्रांसफार्मर ऑयल और अन्य सामान चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान बरामद कर लिया है, जबकि शेष सामान की बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है। पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा तथा एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलैया के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। 15 जुलाई को वार्ड 12 टिमरनी निवासी हर्ष गोयल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि हरदा रोड स्थित लक्ष्मीशांति फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (राइस मिल) में लगे 500 केवीए ट्रांसफार्मर को अज्ञात बदमाशों ने रात के समय खोल लिया। बदमाश ट्रांसफार्मर से करीब 250 किलोग्राम कॉपर कॉइल, लगभग 525 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल तथा अन्य महत्वपूर्ण पुर्जे चोरी कर ले गए। इस पर थाना टिमरनी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर सेल की तकनीकी सहायता के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। संदिग्धों की पहचान होने के बाद 21 जुलाई को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहजाद उर्फ सलीम (45), बब्लू (35), शफीक शाह और सुरजीत मंडल, सभी निवासी भोपाल, के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का सामान बरामद कर लिया है। शेष मशरूका की बरामदगी के लिए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश गौड़, उप निरीक्षक उदयराम सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक चंदनशाह उइके, प्रधान आरक्षक कंचन राजपूत तथा आरक्षक सजन सिंह, शैलेन्द्र परमार, शैलेन्द्र राजपूत और मनोज दोहरे की सराहनीय भूमिका रही




