हरदा की तीन सिंचाई परियोजनाओं के लिए 404 करोड़ की अतिरिक्त राशि स्वीकृत

-विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने विधानसभा में उठाया था मुद्दा
– किसानों को मिलेगा सिंचाई सुविधाओं का लाभ

अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के विकास को नई गति देने की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। मध्य प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026-27 के अनुपूरक बजट में जिले की तीन महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं के लिए कुल 404 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की है। यह जानकारी विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा जारी की गई है। उनके अनुसार यह उपलब्धि विधानसभा में लगातार उठाए गए जनहित के मुद्दों, प्रभावी पैरवी और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया था कि हरदा जिले की कई महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाएं बजट की कमी के कारण अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। उन्होंने सदन में अतिरिक्त वित्तीय प्रावधान की मांग की थी, ताकि निर्माण कार्यों में आ रही बाधाएं दूर हों और किसानों को शीघ्र लाभ मिल सके। सरकार ने अनुपूरक बजट में हरदा जिले की तीन प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त राशि स्वीकृत की है। इनमें शहीद इलाप सिंह माइक्रो सिंचाई योजना के लिए 168 करोड़ रुपये, हंडिया बैराज परियोजना के लिए 134 करोड़ रुपये तथा मोरंड गंजाल सिंचाई परियोजना के लिए 102 करोड़ रुपये शामिल हैं। इस प्रकार कुल 404 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। इस अतिरिक्त बजट से परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में तेजी आएगी, वित्तीय बाधाएं दूर होंगी तथा लंबे समय से लंबित विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकेंगे। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले के हजारों किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन के साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने कहा कि हरदा की जनता के हितों से जुड़ा कोई भी मुद्दा अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा। विधानसभा में जनता की आवाज पूरी मजबूती से उठाई गई, जिसका परिणाम हरदा को 404 करोड़ रुपये की अतिरिक्त स्वीकृति के रूप में मिला है। उन्होंने कहा कि यह राशि हरदा के विकास, किसानों की समृद्धि और क्षेत्र की उन्नति के लिए मील का पत्थर साबित होगी। साथ ही संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय कर परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसानों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

0 Views

Leave a Reply