-90 बालिकाओं का पंजीयन
अनोखा तीर, हरदा। संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में गुरुवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हरदा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत नि:शुल्क पिंक ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवेंद्र कुमार रोडगे, एनएसएस अधिकारी डॉ. आशा गायकवाड़ तथा एनएसएस स्वयंसेवक अंकिता, तनीषा, सपना और अवंतिका के सहयोग से आयोजित शिविर में कुल 90 बालिकाओं का पंजीयन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल ने बालिकाओं को पिंक ड्राइविंग लाइसेंस वितरित करते हुए यातायात नियमों का पालन करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत संचालित नि:शुल्क सशक्त वाहिनी कक्षा की जानकारी दी गई। इसमें बालिकाओं को पुलिस भर्ती सहित अन्य शासकीय प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क तैयारी कराई जाती है। साथ ही विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। वन स्टॉप सेंटर, हरदा द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में भी जागरूक किया गया तथा आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के प्रति जागरूक करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित शासकीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना रहा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी अनुराग दुबे, प्रभारी परियोजना अधिकारी भारती भल्लवी, विभागीय कर्मचारी, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में नि:शुल्क पिंक ड्राइविंग लाइसेंस शिविर

0 Views


