मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने उठाई आवाज

अनोखा तीर, हरदा। भारतीय किसान संघ मध्यप्रदेश ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की तथा मूंग की 100 प्रतिशत समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इसके साथ ही ट्रैक्टरों में डीजल आपूर्ति संबंधी नियमों को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की मांग भी की गई।  भारतीय किसान संघ के प्रदेश महामंत्री चंद्रकांत गौर ने कृषि सचिव निशांत बरवड़े से मूंग खरीदी को लेकर चर्चा की। इस दौरान कृषि सचिव ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा केंद्र सरकार को पत्र भेजकर मूंग की खरीदी 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया गया है। केंद्र से अनुमति प्राप्त होते ही 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर के मान से खरीदी की जाएगी। किसान संघ ने मूंग पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग भी रखी, ताकि अधिक से अधिक किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेच सकें। इसके अलावा खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था को सरल बनाने तथा किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। बैठक में बिजली, पानी, सड़क एवं कृषि से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। किसान संघ ने किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। भारतीय किसान संघ का कहना है कि किसानों को समय पर खाद, बिजली और सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध होने से कृषि कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगे तथा किसानों को राहत मिलेगी।

2 Views

Leave a Reply