अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले को शत-प्रतिशत सिंचित बनाने की दिशा में पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल के प्रयासों को गति मिली है। शहीद दीप सिंह चौहान माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना के तहत जिले के टेल क्षेत्र के 148 गांवों के किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। गुरुवार को हरदा में पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल ने सिंचाई विभाग एवं एनबीडीए के अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की डीपीआर को अंतिम रूप दिया। उल्लेखनीय है कि कमल पटेल ने 26 जनवरी को इस परियोजना के माध्यम से टेल क्षेत्र तक पानी पहुंचाने की घोषणा की थी। इसके बाद उनकी मांग पर 18 मार्च को हरदा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहीद दीप सिंह चौहान माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की थी। बैठक में लगभग तीन घंटे तक अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर 148 गांवों की डीपीआर को अंतिम रूप दिया गया। अब इसे शासन स्तर पर भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना का कार्य प्रारंभ होगा। कमल पटेल ने बताया कि इस परियोजना से जिले की 1 लाख 62 हजार 251 एकड़ कृषि भूमि सिंचित होगी। विशेष रूप से उन गांवों को इसका लाभ मिलेगा जहां नहर होने के बावजूद किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने बताया कि यह गांव शहीद ईलाप सिंह सिंचाई परियोजना एवं गंजाल मोरण्ड सिंचाई परियोजना के दायरे में नहीं आते हैं, इसलिए इन्हें शहीद दीप सिंह चौहान माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना में शामिल किया गया है। परियोजना के तहत पाइपलाइन के माध्यम से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा तथा संपूर्ण कार्य सिंचाई विभाग द्वारा कराया जाएगा। कमल पटेल ने कहा कि परियोजना की डीपीआर को शीघ्र स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि टेल क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके और हरदा जिला शत-प्रतिशत सिंचित जिला बनने की दिशा में आगे बढ़ सके। बैठक में सिंचाई विभाग की कार्यपालन यंत्री सोनम वाजपेयी, एसडीओ रोहन विल्यम्स, मौसम पोर्ते, विनीत बोरयाले तथा सब इंजीनियर प्रेमित पाटिल एवं कमलेश काजले उपस्थित थे।
148 गांवों के किसानों के खेतों तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी

0 Views




