-संभाग में प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय खो-खो में पहुंचे खिलाड़ी
अनोखा तीर, खिरकिया। क्षेत्र की अग्रणी शैक्षणिक संस्था लिटिल लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल खिरकिया के विद्यार्थियों ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए संभाग स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। स्कूल की खो-खो टीम ने अपने बेहतरीन खेल और रणनीति के बल पर बैतूल और नर्मदापुरम (होशंगाबाद) जैसी मजबूत टीमों को करारी शिकस्त देकर प्रथम स्थान हासिल किया है। इस शानदार और ऐतिहासिक जीत के साथ ही लिटिल लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल के प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन अब राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए हो गया है।
कड़े मुकाबले में दिखाया शानदार खेल का प्रदर्शन
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान खेले गए मुकाबलों में स्कूल की टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। टीम के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तालमेल, गति और रक्षात्मक कौशल का परिचय देते हुए बैतूल और नर्मदापुरम की टीमों को मात दी। मैच के अंतिम क्षणों तक बच्चों का उत्साह और अनुशासन देखने लायक था। इससे पहले ब्लॉक लेवल पर भी सभी स्कूलों की टीम को हराकर लिटिल लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था साथ ही जिले टीम में स्कूल के 12 विद्यार्थियों का चयन हुआ, जिन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने जिले और स्कूल को गौरान्वित किया। जिसमें विक्रांत इरलावत, दिव्यांश राजपूत, आदिश कनेरे, अक्षत राजपूत, सानिध्य राजपूत, हर्षिल राजपूत, शौर्य तोमर, नमामि विश्नोई, कनक राजपूत, अंशिका पटेल, हिमाक्षी विश्नोई और वंशिका यादव का चयन हुआ, जो अब संभाग टीम में शामिल होकर अपने संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए ग्वालियर जाएंगे। इनमें अंशिका पटेल, कनक राजपूत, दिव्यांश राजपूत, अक्षत राजपूत, विक्रांत इरलावत का राज्य स्तरीय चयन हुआ।
प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम
टीम की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर लिटिल लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और उनके अभिभावकों को बधाई दी है। विद्यालय के संचालक यशपाल कुशवाह ने कहा कि हमारे बच्चों की यह जीत उनकी दिन-रात की कड़ी मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और कभी न हार मानने के जज्बे का परिणाम है। संभाग स्तर पर प्रथम आना पूरे खिरकिया क्षेत्र और जिले के लिए गर्व की बात है। हमें पूरा विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। प्रिंसिपल एल एन राजपूत ने बताया कि इस वर्ष स्कूल ने जिस भी खेल में हिस्सा लिया है उसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है जिसमें फुटबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, खो-खो इत्यादि खेल प्रमुख रहे हैं।





